बुलंदशहर। जनपद में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की बिसात बिछनी शुरू हो गई है। जिला निर्वाचन कार्यालय (पंचायत एवं नगरीय निकाय) ने मंगलवार को जनपद की सभी 946 ग्राम पंचायतों की अंतिम मतदाता सूची (निर्वाचक नामावली-2025) का प्रकाशन कर दिया है।
इस बार गांव की सरकार चुनने के लिए जनपद में कुल 22,02,324 मतदाता पंजीकृत किए गए हैं। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार, अपीलों के निस्तारण के बाद सूचियों को अंतिम रूप देकर सार्वजनिक कर दिया गया है।
अंतिम प्रकाशन के आंकड़ों पर नजर डालें तो इस बार मतदाता सूची में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। वर्ष 2021 के पंचायत चुनाव में मतदाताओं की संख्या 21,27,867 थी। इस बार पुनरीक्षण अभियान के दौरान 3,12,705 नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए हैं, जिनमें युवाओं की संख्या सर्वाधिक है।
वहीं, मृतक, स्थानांतरित और अपात्र पाए गए 2,38,248 मतदाताओं के नाम सूची से विलोपित भी किए गए हैं। शुद्धिकरण के बाद अब 22 लाख से अधिक मतदाता प्रधानों और जिला पंचायत सदस्यों के भाग्य का फैसला करेंगे।
एडीएम प्रशासन एवं निर्वाचक रजिस्ट्रेशन अधिकारी (पंचायत) प्रमोद कुमार ने बताया कि मतदाता सूचियों के आलेख जिला मुख्यालय स्थित पंचायत एवं नगरीय निकाय कार्यालय, संबंधित तहसील के उप जिलाधिकारी कार्यालय, सभी विकास खंड कार्यालयों और संबंधित मतदान केंद्रों पर प्रदर्शित कर दिए गए हैं।
ग्रामीण अपने क्षेत्र के मतदान केंद्र या ब्लॉक कार्यालय जाकर सूची में अपना नाम देख सकते हैं। प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि वे सूची में अपना और अपने परिवार का नाम अनिवार्य रूप से जांच लें।
यदि किसी पात्र मतदाता का नाम छूट गया है या सूची में कोई त्रुटि है, तो वे 30 दिसंबर 2025 तक अपने दावे या आपत्तियां निर्धारित प्रपत्र-2, 3 व 4 पर संबंधित कार्यालयों में जमा कर सकते हैं। समय सीमा समाप्त होने के बाद किसी भी प्रकार का संशोधन संभव नहीं होगा।