अनूपशहर। मोहल्ला नेहरूगंज में शुक्रवार देर शाम साथी की पीट-पीट कर हत्या करने वाले दोनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के बाद दोनों का चालान कर जेल भेज दिया गया है। आरोपियों ने बताया कि मृतक सुनील आए दिन शराब के नशे में उनके साथ अभद्रता व गाली गलौज करता था। इससे तंग आकर उन्होंने उसकी हत्या कर दी।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नेहरूगंज निवासी ललित कुमार ने शनिवार सुबह बताया था कि उसके बड़े भाई सुनील मजदूरी कर अपना व परिवार का भरण पोषण करते हैं। शुक्रवार को सुनील के दोस्त नगर के मोहल्ला नेहरूगंज निवासी दिनेश व अरविंद का उनके भाई से विवाद हुआ था। जिसके बाद आरोपियों ने शुक्रवार देर रात को घर में घुसकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने मामले में तहरीर के आधार पर दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। साथ ही आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। रविवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि दोनों आरोपी अलीगढ़ अड्डे के पास एक बाग में छिपे हुए हैं, और कहीं भागने की फिराक में है।
सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच कर दोनों को घेराबंदी कर दबोच लिया। जिसके बाद आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि सुनील आए दिन शराब के नशे में उनके साथ अभद्रता करता और गाली गलौज करता था। शुक्रवार शाम भी वह दोनों और सुनील उसके घर पर ही शराब पी रहे थे। तभी सुनील ने उनके साथ अभद्रता करनी शुरू कर दी। जिस पर गुस्से में आकर दोनों ने सुनील की पीट-पीट कर हत्या कर दी। सीओ पूर्णिमा सिंह ने बताया कि दोनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही उनका चालान कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।