ओवरलोड ट्रांसफार्मर में आग लगने से चांदपुर क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से बिजली कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। भीषण गर्मी में बिजली न मिलने से लोगों को आफत झेलनी पड़ रही है। 24 घंटे बाद भी ट्रांसफार्मर नहीं बदले जाने से लोगों में आक्रोश है।
नगर के चांदपुर क्षेत्र में रखा 400 केवीए का ट्रांसफार्मर शनिवार शाम करीब पांच बजे ओवरलोड के कारण आग की तेज लपटों के साथ जल उठा। इससे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। क्षेत्र के करीब 600 घरों-दुकानों की बिजली आपूर्ति ठप है। बिजली न मिलने से लोगों को काफी परेशानी हो रही है।
24 घंटे बीतने के बावजूद ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया है। अफसरों का कहना है कि सोमवार शाम तक ही ट्रांसफार्मर बदला जा सकेगा। एक्सईएन बुलंदशहर डीसी शर्मा ने बताया कि ओवरलोड के कारण ट्रांसफार्मर में आग लग गई, जिसके कारण वह फुंक गया।
जल्द ही ट्रांसफार्मर को बदलवा दिया जाएगा। चीफ इंजीनियर अरविंद राजवेदी का कहना है कि ट्रांसफार्मर देखभाल के अभाव में जला होगा। उसमें आयर की लीकेज रही होगी। इसके कारण ही आग लगती है। ओवरलोडिंग होने से ट्रांसफार्मर में एकाएक लपटें निकलनी शुरू नहीं हो जाती हैं। ट्रांसफार्मर को हर हाल में 24 घंटे में बदले जाने का भी आदेश है। यह किस स्तर से लापरवाही हुई है, इसकी जांच कराई जाएगी।