बुलंदशहर। जिले के किसानों के लिए राहत भरी खबर है। डिबाई में किसान कल्याण केंद्र की स्थापना का रास्ता साफ हो गया है। शासन से अनुमति मिलने के बाद कृषि विभाग ने केंद्र के निर्माण के लिए उपयुक्त जमीन की तलाश शुरू कर दी है।
केंद्र के निर्माण पर 75 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके बनने से किसानों को खाद, बीज, कृषि यंत्र और प्रशिक्षण जैसी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकेंगी। इससे किसानों को अलग-अलग जगहों पर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी और समय व धन की बचत होगी।
किसानों को खेती-किसानी से जुड़ी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार किसान कल्याण केंद्र स्थापित कर रही है। अभी किसानों को खाद और बीज सहकारी समितियों के माध्यम से मिल जाते हैं लेकिन कृषि संबंधी दवाओं, तकनीकी जानकारी और प्रशिक्षण के लिए उन्हें अलग-अलग स्थानों पर जाना पड़ता है। ऐसे में किसानों का समय और पैसा दोनों खर्च होते हैं।
किसान कल्याण केंद्र शुरू होने से इन समस्याओं से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है। जिला कृषि अधिकारी रामकुमार यादव के अनुसार डिबाई में किसान कल्याण केंद्र स्थापित करने के लिए शासन से अनुमति मिल गई है। कृषि विभाग की ओर से केंद्र के निर्माण के लिए उपयुक्त जमीन की तलाश की जा रही है। जमीन चिह्नित होने और जरूरी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
केंद्र में किसानों को खाद, बीज, कृषि यंत्रों से संबंधित सुविधाओं के साथ खेती की आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण भी उपलब्ध कराया जाएगा। यहां तैनात कृषि विभाग के कर्मचारी किसानों को खेती से जुड़ी समस्याओं के समाधान और सरकारी योजनाओं की जानकारी देने में मदद करेंगे।