खुर्जा जंक्शन। फ्रेट कॉरीडोर के लिए अधिग्रहित जमीन के उचित मुआवजे की मांग को लेकर मैना मौजपुर गांव में चल रहा धरना छठे दिन भी जारी रहा। छह दिनों से धरने पर बैठे किसान संघर्ष समिति के महासचिव की सोमवार को हालत बिगड़ गई। आनन-फानन में उन्हें जटिया अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए मेरठ रेफर कर दिया गया।
छह दिनों से चल रहा किसानों का आंदोलन तूल पकड़ता जा रहा है। सोमवार को धरना स्थल पर ग्रामीण महिलाएं भी पहुंची और उचित मुआवजे की मांग को लेकर शासन-प्रशासन के खिलाफ रोष व्यक्त किया। वहीं धरने पर बैठे किसान संघर्ष समिति के महासचिव अजय चौधरी की हालत बिगड़ गई। आनन-फानन मे उन्हें सरकारी जटिया अस्पताल ले जाया गया।
जहां से उन्हें हायर मेडिकल के लिए मेरठ रेफर कर दिया गया। धरने को सभी राजनीतिक दलों का समर्थन मिल रहा है। धरने पर भाजपा नेता विजेन्द्र प्रताप सोलंकी, कांग्रेस प्रभारी सिकंदराबाद विनय शर्मा, सुशीला देवी, मंजू देवी, ज्ञानवती, संतोष, चरन देवी, गायत्री, कमलेश, कैलादेवी, जयदेयी, उदय सिंह, बब्बन, केहर सिंह, जगपाल, अतर सिंह आदि रहे।