औरंगाबाद। बिजली का निजीकरण किए जाने व किसानों को दी जाने वाली बिजली आपूर्ति में तीन घंटे की कटौती किए जाने के विरोध में गांव सौंझना और राजगढ़ी में किसानसभा के नेतृत्व में किसानों की पंचायत हुई। इसमें किसान सभा के जिला उपाध्यक्ष जगवीर सिंह ने कहा कि सरकार और बिजली विभाग के खिलाफ जल्द ही ब्लाक व तहसीलों पर धरना प्रदर्शन कर विरोध जताया जाएगा।
बिजली का निजीकरण व बिजली आपूर्ति में तीन घंटे की कटौती किए जाने के विरोध में गांव राजगढ़ी में किसानों की पंचायत में किसान सभा के जिला उपाध्यक्ष जगवीर सिंह ने कहा कि सरकार किसानों के साथ शोषण करने से बाज नहीं आ रही है। किसानों के नलकूपों को दी जाने वाली 10 घंटे की बिजली आपूर्ति में तीन घंटे की कटौती कर मात्र सात घंटे आपूर्ति किए जाने का बिजली विभाग के अधिकारियों द्वारा ऐलान कर दिया गया है।
22 मार्च से जनपद बुलंदशहर के किसानों को मात्र 7 घंटे की बिजली मिल रही है। वह आपूर्ति भी दो शिफ्टों में दी जाएगी। बिजली आपूर्ति की कटौती होने से किसानों के सामने एक बड़ा संकट खड़ा हो गया है। जिसे किसान सभा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। ब्लॉक स्तर पर बहुत जल्द ही धरना प्रदर्शन किये जाने की चेतावनी दी है। पंचायत में मूलचंद सिंह, उदयवीर सिंह, सतवीर सिंह, अतेन्द्र सिंह, राजवीर सिंह, अमित कुमार, चमन सिंह आदि मौजूद रहे।
दूसरी ओर खानपुर के गांव सौंझना में भी किसान सभा के पदाधिकारियों की पंचायत आहूत की गई। जिसमें दो घंटे चली किसानों की पंचायत में बिजली विभाग और सरकार के खिलाफ जल्द ही आंदोलन करने की रणनीति तैयार की गई। बाद में किसानों ने बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन कर रोष जताया। इस मौके पर हरेन्द्र सिंह, तेज सिंह, बिशन सिंह, गजेन्द्र सिंह, प्रदीप, लोकेन्द्र, ब्रजेश, पंकज, मणि कुमार, सुमित, कृपाल सिंह, एदल सिंह आदि मौजूद रहे।