जहांगीराबाद में आयोजित किसान स्वाभिमान रैली में रालोद सुप्रीमो चौधरी अजित सिंह ने कहा कि विधानसभा चुनाव 2017 में रालोद अकेले चुनावी लडे़गी। रालोद किसी भी दल से गठबंधन नहीं करेगी और सभी सीटों पर प्रत्याशी उतारेगी। साथ ही उन्होंने केंद्र की भाजपा और प्रदेश की सपा सरकार पर भी तंज कसे।
उन्होंने कहा कि केंद्र में भाजपा सरकार लूट रही है और यूपी मेें सपा सरकार कारोबार चला रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर चुटकी लेते हुए कहा कि दिल्ली में एक नया कलाकार आया है। वह सिर्फ भाषणबाजी करते हैं। उनके दिल में किसानों के प्रति दर्द नहीं है।
अच्छे दिन सिर्फ भाजपाइयों के आए हैं। सिर्फ भाषण से काम नहीं चलेगा, जमीन पर उतरना होगा। मोदी के आंकड़े गलत हैं, वह सिर्फ पूंजीपतियों की बात करते हैं। गाय की सेवा किसान से ज्यादा कोई नहीं कर सकता है।
सोमवार दोपहर डेढ़ बजे रैली स्थल पर पहुंचे रालोद मुखिया अजित सिंह ने अनूपशहर विधानसभा से चुनावी हुंकार भरकर कार्यकर्ताओं में जोश भरा और उनसे चुनाव की तैयारी में जुटने का आह्वान किया। छोटे चौधरी ने कहा कि किसी भी सरकार को किसानों की फिक्र नहीं है।
सरकारें विकास की बात करती हैं, लेकिन जब किसान को पैसा नहीं मिलेगा तो विकास कहां से होगा। किसान को पूरा गन्ना भुगतान नहीं मिल रहा, फसलों के वाजिब दाम नहीं मिल रहे, उनके बच्चे पढ़ नहीं पा रहे हैं।
अब समय बदलेगा, यूपी में लोकदल की सरकार बनेगी। अजित सिंह ने मंच से किसानों और कार्यकर्ताओं को नारा दिया कि ‘आप लोग संघर्ष करो, अजित आपके साथ है।’ उन्होंने कहा कि जनता अब परिवर्तन चाहती है। मंच से रालोद जिलाध्यक्ष राजीव चौधरी ने कहा कि इस बार चुनाव में रालोद ज्यादा सीटें जीतेगी।
उन्होेंने कहा कि छोटे चौधरी जिसे चाहेंगे, उसकी सरकार बनेगी। युवा रालोद के प्रदेश संगठन महासचिव कुंवर वीर सिंह ने मंच से ही किसानों, कार्यकर्ताओं और युवाओं में जोश भरा। रैली का संचालन जिलाध्यक्ष राजीव चौधरी, वेस्ट यूपी के संगठन प्रभारी राजकुमार सांगवान और अध्यक्षता मुंशीराम पाल ने किया।
इस दौरान महासचिव मुकेश प्रमुख, तारक चंद्र सैनी, वीरेंद्र लोर, राष्ट्रीय सचिव चक्रपाणि यादव, त्रिलोक त्यागी, सुशील गुर्जर, जिला पंचायत सदस्य पंकज प्रधान, अंजू मुस्कान, फरमान अली, सुधीर चौधरी, भवतोष तेवतिया, आसिफ गाजी, मनुराज, भूपेंद्र सिरोही, त्रिलोकी प्रधान, मुकेश पंडित, केपी सिंह, निर्भय शर्मा मौजूद रहे।
भीड़ देख गदगद हुए चौधरी अजित सिंह
रैली में उमड़े जनसैलाब को देखकर चौधरी अजित गदगद हो गए। उन्होंने मंच से ही जिलाध्यक्ष राजीव चौधरी की पीठ थपथपाई और अनूपशहर विधानसभा से चुनावी शंखनाद किया। कार्यकर्ताओं को जोरशोर चुनावी तैयारी में जुटने को कहा। मंच पर ही जिलाध्यक्ष ने 2.10 लाख रुपये की थैली अजित सिंह को भेंट की। रैली में युवाओं की भीड़ भी जमकर उमड़ी।
रागनी कलाकार की गाड़ी का शीशा तोड़ा
रैली खत्म होने के बाद भीड़ में मौजूद कुछ अराजकतत्वों ने रागनी कलाकार की कार का शीशा तोड़ा दिया। रागनी कलाकार रैली में कार्यक्रम करने आई थीं। जब वह अपने साथियों के साथ कार में बैठने जा रही थी तो कुछ अराजकतत्वों ने हूटिंग की और एक युवक ने मुक्के से गाड़ी का शीशा तोड़ दिया।
बुलंदशहर अनूपशहर रोड हुआ जाम
जहांगीराबाद रैली में उमड़ी भीड़, वाहनों और 250 से अधिक बसों और कई निजी वाहनों के कारण अनूपशहर-बुलंशहर रोड जाम हो गया। घंटों लगे जाम में लोग फंसे रहे। चौधरी अजित सिंह की रैली खत्म होते ही देहात क्षेत्र से आए लोगोें का प्रस्थान शुरू हो गया।
रैली पहुंची बसें, निजी वाहनों के कारण अनूपशहर रोड पर भीषण जाम लग गया। पुलिस को जाम खुलवाने में पसीने छूट गए। करीब तीन किमी लगे जाम में सैकड़ों वाहन घंटों फंसे रहे।
नेता भ्रष्ट तो कार्रवाई क्यों नहीं करते मुलायम
रालोद प्रमुख ने सपा सरकार पर भी जमकर निशाना साधा। अजित सिंह बोले कि शिवपाल और मुलायम अपने विधायकों को भष्ट्र बताते हैं तो फिर उन कार्रवाई कौन करेगा। कार्रवाई भी तो उन्हें ही करनी होगी। उन्होंने कहा कि केंद्र में मोदी किसानों को लूट रहे हैं, जबकि यूपी में अखिलेश सिंह अपना कारोबार चला रहे हैं।