सीबीएसई 12वीं कक्षा का रिजल्ट रविवार को जारी हो गया। खास बात यह रही कि एक किसान के बेटा जिले का टॉपर रहा। उसने 98.6 फीसदी अंक हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। वहीं दूसरे स्थान पर दो विद्यार्थी और तीसरे पर तीन छात्रों ने बाजी मारी है। इन सभी टॉपरों के घर खुशी का माहौल है।
कक्षा 12वी के रिजल्ट में 98.6 अंक हासिल करने वाला छात्र विपिन चौधरी है और वह बीके सीनियर सेकेंडरी जहांगीराबाद में साइंस का छात्र है। वह गांव डूंगरा जाट के किसान राजेंद्र सिंह का बेटा है।
दूसरा स्थान प्राप्त करने वाले डीपीएस के छात्र यश यादव और डिवाइन एजुकेशनल इंस्टीट्यूट सिकंदराबाद की छात्रा स्वाति बी चौधरी ने 97.8 फीसदी अंक हासिल कर अपने विद्यालय और अभिभावकों का नाम रोशन किया है।
यह दोनों विद्यार्थी भी साइंस विषय के हैं। इसी तरह तीसरे स्थान पर डीपीएस की छात्रा तुहिना झा और दिव्यांशी एवं महाराजा अग्रसेन पब्लिक स्कूल खुर्जा के शिवा शर्मा ने 96.8 अंक हासिल किए हैं। यह छात्र भी साइंस विषय से संबंधित हैं।
इन सभी छात्रों ने जब अपना रिजल्ट देखा तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। परिवार वाले भी अपने लाडलों की इस उपलब्धि पर जमीन पर पैर नहीं रख पाए। उन्हें मिठाई खिलाकर बधाई दी और शिक्षकों की ओर से भी उज्ज्वल भविष्य की कामना का आशीर्वाद दिया। पूरा दिन उनके घर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा।