सिकंदराबाद। कैंटर की चपेट में आने से घायल साइकिल सवार किसान की उपचार के दौरान मौत हो गई। बता दें कि क्षेत्र के गांव चंद्रावली निवासी किसान नारायण सिंह (68) सोमवार को साइकिल पर सिकंदराबाद से खाद का बोरा लेकर आ रहे थे।
नेशनल हाईवे 34 पर एम रिसोर्ट के पास पीछे से आ रहे कैंटर की चपेट में आ गए। हादसे में नारायण सिंह के दोनों पैर कुचल गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद कैंटर चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल नारायण सिंह को उपचार के लिए सिकंदराबाद के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया था। बिलसूरी चौकी प्रभारी ने बताया कि उपचार के दौरान किसान नारायण सिंह की मौत हो गई है। तहरीर के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।