आरोपी पक्ष से सांठगांठ कर धारा लगाने में गड़बड़ी करने पर पीड़ित परिजनों ने ग्रामीणों के साथ विवेचना अधिकारी के खिलाफ पुलिस दफ्तर पर प्रदर्शन किया। पीड़ित परिवार ने एसएसपी से दूसरे अफसर से केस की विवेचना कराने की मांग की। हालांकि, दफ्तर में अधिकारियों की मौजूदगी नहीं होने पर फिलहाल कोई कार्रवाई नहंी हो पाई।
अलीगढ़ के अतरौली क्षेत्र के पक्कीगढ़ी के लोग बुधवार दोपहर पीड़ित परिजनों के साथ पुलिस कार्यालय पर पहुंचे। पिता नसीम ने एसएसपी के नाम लिखे शिकायत पत्र में बताया कि उन्होंने अपनी बेटी यासमीन का निकाह छतारी निवासी युवक के साथ किया था।
अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर उसे आए दिन प्रताड़ित किया जाता था। 7 मार्च का यासमीन की संदिग्ध परिस्थितियों में झुलसकर मौत हो गई। आरोप है कि जांच के दौरान विवेचना अधिकारी ने आरोपी पक्ष से सांठगांठ कर खुदकुशी के लिए उकसाने की धाराओं में मामला तब्दील कर दिया।
जबकि यासमीन की जलाकर हत्या की गई थी। पीड़ित पक्ष ने एसएसपी से विवेचना अफसर को बदलवाने की मांग की है। एसएसपी पीयूष श्रीवास्तव ने बताया कि शिकायत मिलने पर जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।