बीबीनगर। थाना क्षेत्र के कुचेसर किला के माजरे नगला उग्रसेन में अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर लाखों का सामान व नकदी चोरी कर ली। तहरीर के आधार पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। लेकिन, पुलिस चोरी की घटना को संदिग्ध मान रही है। मामले की जांच की जा रही है।
थाना क्षेत्र के गांव नगला उग्रसेन निवासी जीत सिंह ने बताया कि उसका परिवार रविवार की रात लगभग 12 बजे तक टीवी देखने के बाद सोने गए थे। घर की बहुएं अपने कमरों में चली गईं। सुबह उठने पर कमरों के दरवाजे खुले देख शक हुआ। कमरों के अंदर देखा तो सेफ खुली पड़ी थी, जिसमें से चांदी के चार सेंपल, पांच सिक्के व 5 बर्तन, सोने के तीन जोड़ी कुंडल, दो अंगूठी, दो चैन, एक कंठी सहित बच्चों के नजरिया व सेंपल सहित दस हजार रुपये की नकदी गायब थे। पीड़ित की सूचना पर थाना पुलिस व फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची व आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। थाना प्रभारी निरीक्षक पटनीश कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। घटना प्रथम दृष्ट्या संदिग्ध प्रतीत हो रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।