कृषि विभाग ने छापा मारकर 12.5 क्विंटल नकली खाद किया बरामद
बुलंदशहर। कृषि विभाग की टीम ने सोमवार को खुर्जा क्षेत्र के शिकारपुर रोड पर मे. शर्मा खाद भंडार पर छापा मारकर 12.5 क्विंटल नकली एनपीके खाद बरामद किया है। इसके बाद टीम खाद का उत्पादन करने वाली सिकंदराबाद स्थित फैक्टरी में भी पहुंची लेकिन छापे की सूचना लीक होने की वजह से वहां कुछ नहीं मिला। मामले में फैक्टरी संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
खाद 25 कट्टों में भरी हुई थी। संदेह होने पर कट्टे पर अंकित ब्योरा देखा गया तो खाद बनाने में प्रयुक्त तत्वों का प्रतिशत उर्वरक मानकों के अनुसार नहीं मिला। कट्टे पर अंकित ब्योरे के मुताबिक नोएडा स्थित एडकेन एग्रो प्राइवेट लिमिटेड की सिकंदराबाद के गोपालपुर स्थित फैक्टरी में इस नकली खाद का उत्पादन किया गया था। अधिकारियों ने टीम ने एक कट्टे को बतौर नमूना जब्त किया और शेष 24 कट्टों की बिक्री पर रोक लगा दी। व्यापारी ने खाद खरीद से संबंधित कंपनी की ओर से जारी बिल रसीद अधिकारियों को दिखाई। इसके बाद टीम ने सिकंदराबाद क्षेत्र में पहुंचकर फैक्टरी पर जांच की तो सब कुछ गायब मिला। मौके पर मिले दो लोगों से पूछताछ की गई लेकिन वह कोई ठोस जवाब नहीं दे पाए। जिला कृषि अधिकारी की शिकायत पर फैक्टरी संचालक पवन कुमार शर्मा के खिलाफ सिकंदराबाद कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
एक कर्मचारी पर सूचना लीक करने का शक
बताया जा रहा है कि उर्वरक विक्रेता मे. शर्मा खाद भंडार से नकली खाद बरामद होने के बाद इसकी सूचना कंपनी के अधिकारियों तक पहुंच गई। इस कारण तत्काल कंपनी से नकली माल को हटा दिया गया। स्टाफ को भी छुट्टी दे दी गई। बताया जा रहा है कि विभाग के ही एक कर्मचारी ने सूचना लीक की। उसकी भी फैक्टरी में हिस्सेदारी बताई जा रही है। खुर्जा क्षेत्र में नकली खाद बरामद हुआ लेकिन रिपोर्ट सिकंदराबाद में केवल एक फैक्टरी संचालक के खिलाफ कराई गई। जिस व्यापारी के प्रतिष्ठान से नकली खाद बरामद किया गया, उसके खिलाफ कुछ नहीं किया गया।
फैक्टरी संचालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। आगे की जांच के लिए सीडीओ को निर्देशित किया है। यदि कृषि विभाग के अधिकारियों या कर्मचारियों की इसमें भूमिका है तो उनके खिलाफ भी जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। - सीपी सिंह, डीएम