सिकंदराबाद। औद्योगिक क्षेत्र में बाइक सवार कोतवाली क्षेत्र के गांव पिलखनवाली निवासी विनीत शर्मा 30 वर्ष की कैंटर की टक्कर से मौत हो गई। विनीत औद्योगिक क्षेत्र स्थित कंपनी में ही नौकरी करते थे। विनीत की अचानक सड़क हादसे में मौत की सूचना पर उनके परिवार में मातम छा गया। परिवार के लोगों का रो-रो कर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। कोतवाली क्षेत्र के गांव पिलखनवाली निवासी हरेंद्र प्रधान ने बताया कि विनीत शर्मा (30 वर्ष) औद्योगिक क्षेत्र स्थित कंपनी में नौकरी करते थे। शुक्रवार की शाम वह कंपनी के काम से ही दूसरी कंपनी में बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान औद्योगिक क्षेत्र में कैंटर ने पीछे से बाइक में टक्कर मार दी। जिसमें विनीत शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस उन्हें उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सीओ भास्कर कुमार मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।