जिला चिकित्सालय के नेत्र विभाग की ओपीडी में आंखों की जांच करवाती किशोरी। संवाद
बुलंदशहर। सर्दी बढ़ने के साथ ही आंखों में एलर्जी की शिकायत भी बढ़ रही है। वहीं, मरीजों की आंखें लाल होने के साथ ही नजर धुंधली होने की समस्या बन रही है। जिला चिकित्सालय के नेत्र रोग विशेषज्ञ के पास प्रतिदिन ऐसे 40 से 50 मरीज आ रहे हैं। चिकित्सक मरीजों को सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं। शुक्रवार को ओपीडी में 34 लोगों की आंखों में लक्षण मिलने पर चिकित्सक ने परामर्श दिया।
सर्दियों में लोगों को खांसी-जुकाम की समस्या होती है। लोगों के खांसने और छींकने से आंखों में एलर्जी की भी समस्या हो रही है। जिला चिकित्सालय के वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. पीके झा ने बताया कि सर्दी से बचने के लिए लोग अलाव और हीटर का सहारा ले रहे हैं जिससे आंखों की नमी सूख रही है। इससे आंखों में ड्राइनेस की समस्या बन रही है। इसके साथ ही लोगों की आंखों में खुजली हो रही है।
आंखों में खुजली आने के बाद तो कुछ लोगों को धुएं की वजह से इन दिनों में एलर्जी हो रही है। समस्या बढ़ने पर लोगों की आंखें लाल होने के साथ-साथ सूजन और नजर धुंधली की समस्या हो रही है। बताया कि सर्दी में आंखों का विशेष ध्यान रखे। कोई भी समस्या होने पर चिकित्सक से परामर्श के बाद दवा का सेवन करें। प्रतिदिन ओपीडी में 100 से 150 मरीज आ रहे हैं। इसमें आंखों में नमी व नजर धुंधली समस्या वाले 40 से 50 मरीज शामिल रहते हैं।
ऐसे करें बचाव
: हीटर, अलाव के पास ज्यादा न बैठें।
: खांसते, छींकते समय मास्क लगाएं।
: आंखों में सूजन होने पर हथेली या कपड़े से सिकाई करें।
: बिना परामर्श आंखों में कोई भी दवा न डालें।
Iहीटर, अलाव के पास बैठने से आंखों की नमी कम हो जाने से नजर धुंधली होने की समस्या बन जाती है। ओपीडी में आंखों में सूजन व एलर्जी आदि की समस्या लेकर मरीज आ रहे हैं। - डॉ. प्रदीप राणा, प्रभारी सीएमएस जिला चिकित्सालयI