चुनाव लड़ना है तो दो पांच लाख की रंगदारी
शिकारपुर। नगर पालिका चेयरमैन से सोमवार सुबह फोन पर चुनाव लड़ने के लिए पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई। मामले की शिकायत मिलते ही शिकारपुर पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है। फोन कॉल से चेयरमैन व उनका परिवार दहशत में है।
शिकारपुर नगर पालिका चेयरमैन फूलवती राणा ने सोमवार को सीओ शिकारपुर को तहरीर देकर बताया कि सोमवार सुबह करीब 10:53 बजे एक अज्ञात नंबर से उनके मोबाइल फोन पर कॉल आई थी। आरोपी ने पूछा कि आप फूलवती राणा बोल रही हैं तो इस पर उन्होंने हां में जवाब दिया। इसके बाद आरोपी फोनकर्ता ने पूछा कि आप आगामी चुनाव लड़ रही हैं, तो इस पर भी चेयरमैन ने हां में जवाब दिया। इसके बाद आरोपी ने कहा कि चुनाव लड़ना है तो तुम्हें पांच लाख रुपये की रंगदारी देनी होगी। साथ ही आरोपी ने कहा कि वह जेल से बात कर रहा है। इस पर चेयरमैन फूलवती राणा घबरा गईं और उन्होंने अपने पति से बात कराने की बात कही। जिस पर आरोपी ने रंगदारी न देने पर उन्हें भविष्य में अंजाम भुगत लेने की धमकी दी है। इसके बाद आरोपी ने फोन काट दिया। पीड़िता चेयरमैन ने इस संबंध में अपने पति व अन्य परिजनों को जानकारी दी। साथ ही सीओ शिकारपुर को भी शिकायती पत्र देकर अपनी जान माल की सुरक्षा की गुहार लगाते हुए अज्ञात आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। चेयरमैन से रंगदारी मांगे जाने की सूचना मिलते ही विभागीय अफसर भी हरकत में आ गए। साथ ही एसओजी समेत थाना पुलिस को मामले की जांच पड़ताल में लगाया गया है।
मामले में तहरीर मिल गई है। गहनता से जांच पड़ताल कराई जा रही है। जल्द ही वारदात का राजफाश कर दिया जाएगा। - भास्कर मिश्रा, सीओ ट्रेनी/थाना प्रभारी