बुलंदशहर। गंगा एक्सप्रेसवे को जेवर एयरपोर्ट से जोड़ने वाले ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे पर राहगीर केवल दो स्थानों पर ही प्रवेश और निकासी कर सकेंगे। उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) के नक्शे के अनुसार जनपद में नेशनल हाईवे-34 पर मामन खुर्द और स्याना रोड पर चरौरा मुस्तफाबाद के पास प्रवेश व निकास बिंदु प्रस्तावित हैं। यूपीडा के नक्शे में शिकारपुर रोड और अनूपशहर रोड पर कोई एंट्री-एग्जिट प्वाइंट प्रस्तावित नहीं है, जिससे इन क्षेत्रों के निवासियों को मामन खुर्द या चरौरा मुस्तफाबाद तक अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ेगी। ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे परियोजना स्याना क्षेत्र के हिंगवाड़ा गांव के पास गंगा एक्सप्रेसवे से शुरू होगी और नोएडा के मेहंदीपुर बांगर गांव के पास यमुना एक्सप्रेसवे से जुड़ेगी। यह एक्सप्रेसवे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में तीव्र और सुगम आवागमन का एक महत्वपूर्ण साधन बनेगा।
परियोजना में जनपद के 39 गांव के किसानों की भूमि अधिग्रहित की जाएगी। जिसके लिए प्रशासन ने अधिसूचना जारी कर दी है। संबंधित गांव के किसान अपनी तहसील में एसडीएम के समक्ष आगामी चार फरवरी तक दावे-आपत्ति कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त, सात गांवों के किसानों को यीडा कार्यालय और नौ गांवों के लोगों को जेवर तहसील में आपत्तियां प्रस्तुत करनी होंगी।