संवाद न्यूज एजेंसी
बुलंदशहर। जिले में शहीद हुए जवानों के नाम पर अब उनके गांव में प्रवेश द्वार और सड़कें बनेंगी। इसके लिए जिला सैनिक कल्याण बोर्ड अधिकारी ने डीपीआरओ को जिले के 236 शहीदों के नाम की सूची भेजी है। डीपीआरओ के अनुसार इसके लिए सीडीओ से अनुमति लेकर काम किया जाएगा।
जिला पंचायत राज अधिकारी डॉ.प्रीतम सिंह ने बताया कि जिला सैनिक कल्याण बोर्ड अधिकारी की ओर से जिले के 236 शहीद हुए जवानों की सूची भेजी गई है। इसके माध्यम से इन सभी शहीदों के गांव में प्रवेश द्वार और सड़कों को उनके नाम पर कराए जाने की बात कही गई है। सूची मिलने पर इस पर विचार-विमर्श शुरू हो गया है। उन्होंने बताया कि यह कार्य सिर्फ जिला पंचायत राज की ओर से नहीं किया जा सकता है। इसमें जिला पंचायत और लोक निर्माण विभाग के सहयोग की भी जरूरत है। जिला पंचायत की ओर से शहीदों के नाम पर प्रवेश द्वार और लोक निर्माण विभाग की ओर बनाई गई सड़कों का नाम शहीदों के नाम पर किया जाएगा। वहीं, दूसरी ओर मुख्य विकास अधिकरी कुलदीप मीना के समक्ष भी जिला सैनिक कल्याण बोर्ड की ओर से मिली शहीदों की सूची पर प्रवेश द्वार और सड़कों का नाम रखने की अनुमति ली जाएगी। इसके बाद इस पर काम शुरू किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि यह मामला शहीदों के सम्मान से जुड़ा हुआ है और यह कार्य भी जरूरी है। इस कार्य को कराने के लिए हर स्तर पर कार्य किया जाएगा।