संवाद न्यूज एजेंसी
गुलावठी। थाना क्षेत्र के गांव कुरली स्थित गोशाला के केयरटेकर वसीम ने ग्राम पंचायत सचिव व उसके परिजनों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस में शिकायत करने पर भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। अब वसीम ने एसएसपी को पत्र लिखकर मामले की शिकायत की है।
गोशाला के केयरटेकर वसीम ने एसएसपी को शिकायती पत्र भेजकर बताया कि वह कुरली स्थित गोशाला पर केयरटेकर पद पर तैनात है और करीब तीन साल से गोशाला पर कार्य कर रहा है। वसीम के अनुसार जब से नई ग्राम पंचायत सचिव आई है तब से गोशाला में अनियमितताएं बढ़ गई। अनियमितताओं की वीडियो उसके पास है। मामले की शिकायत उसने उच्चाधिकारियों से की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
आरोप है कि बीते दिनों ग्राम पंचायत सचिव, उसके चाचा, मौसा, मामा और अन्य कई रिश्तेदार गोशाला में आए और उसके साथ मारपीट करने लगे। उसका मोबाइल भी छीन लिया। ग्राम पंचायत सचिव के मौसा पुलिस में दरोगा हैं, उन्होंने भी उसके साथ मारपीट की। मामले की शिकायत पुलिस से की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्राम पंचायत सचिव उसे झूठे मुकदमें में फंसाने की धमकी दे रही हैं। वसीम ने अब एसएसपी को शिकायती पत्र लिखकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वसीम ने डीएम को भी पत्र लिखकर गोशाला में अनियमितताएं होने की शिकायत की है।