सिकंदराबाद। चेकिंग के दौरान स्वाट टीम और पुलिस की चोरी की घटना में वांछित आरोपी के साथ मुठभेड़ हो गई। पैर में गोली लगने से आरोपी घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी से कार, चोरी के ट्रक के दो एसीएम, अवैध असलहा बरामद किया। उपचार व पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया।
सीओ दीपक कुमार तिवारी ने बताया कि मंगलवार की रात में पुलिस व स्वाट टीम दनकौर रोड पर निजामपुर जाने वाले रास्ते पर संदिग्ध व्यक्ति, वाहन की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध कार दिखाई दी, जिसे रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस टीम को देखकर कार सवार तेजी से कार भगाने लगा। गांव शेरपुर से आगे श्मशान की ओर जाने वाले रास्ते पर कार फंस गई। पुलिस के घेराबंदी करने पर आरोपी ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्यवाही में पैर में गोली लगने से आरोपी घायल हो गया। घायल को गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। आरोपी की पहचान रंजीत निवासी दुर्गा बिल्डर, चेतन मार्केट, श्याम कॉलोनी थाना पल्ला, जनपद फरीदाबाद, हरियाणा के रूप में हुई है। आरोपी से एक कार, कोतवाली क्षेत्र से चोरी किए गए दो ट्रक के एसीएम, तमंचा, एक खोखा, एक कारतूस बरामद किया गया। आरोपी पर दिल्ली के विभिन्न थानों में 14 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
सीओ ने बताया कि आरोपी ने 24 जुलाई को सिकंदराबाद क्षेत्र से दो ट्रक से एसीएम चोरी किए थे। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी।