सिकंदराबाद। औद्योगिक क्षेत्र में सौ बेड का कर्मचारी राज्य बीमा अस्पताल (ईएसआई) अस्पताल के लिए प्रशासन ने गांव कांवरा में जमीन चिह्नित कर ली है। तहसील प्रशासन ने गांव में दो हेक्टेयर भूमि चिह्नित कर जिला प्रशासन को रिपोर्ट भेज दी है।
पूर्व में क्षेत्र के गांव नगला काला में भूमि चिह्नित की गई, जिसे कर्मचारी राज्य बीमा निगम की टीम ने निरीक्षण के दौरान अस्वीकृत कर दिया था।
सिकंदराबाद औद्योगिक क्षेत्र में छोटी, बड़ी करीब चार सौ औद्योगिक इकाई संचालित है। जिनमें 30 हजार से अधिक कर्मी कार्य करते हैं। जबकि क्षेत्र में मात्र 30 बेड का कर्मचारी राज्य बीमा अस्पताल है। श्रमिकों की संख्या के सापेक्ष सौ बेड का करने के लिए क्षेत्रीय विधायक लक्ष्मीराज सिंह ने शासन को प्रस्ताव भेजा था।
शासन ने मामले को संज्ञान में लेकर औद्योगिक क्षेत्र में सौ बेड के कर्मचारी राज्य बीमा अस्पताल की स्थापना के लिए जिलाधिकारी को पत्र लिखकर निर्माण के लिए जमीन मांगी थी। जिलाधिकारी ने तहसील प्रशासन को औद्योगिक क्षेत्र में जमीन उपलब्ध कराने के लिए पत्र लिखा।
जिलाधिकारी का पत्र मिलने पर तहसील प्रशासन की टीम जमीन को चिन्हित करने में जुट गई। टीम ने तहसील क्षेत्र के गांव कांवरा में अस्पताल निर्माण के लिए दो हेक्टेयर जमीन चिह्नित कर जिला प्रशासन को रिपोर्ट भेज दी है। कांवरा की औद्योगिक क्षेत्र से दूरी करीब चार किमी है।
वहीं, औद्योगिक क्षेत्र के साथ गांव कांवरा भी नेशनल हाईवे-34 से लिंक है। यदि कर्मचारी राज्य बीमा निगम कांवरा में चिन्हित की गई जमीन को स्वीकृति दे देता है तो, कांवरा में सौ बेड का कर्मचारी राज्य बीमा अस्पताल का निर्माण की कवायद शुरू हो जाएगी।