बुलंदशहर। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 को लेकर शुक्रवार को मतदाता सूची को त्रुटिहीन बनाने और नए मतदाताओं को जोड़ने की रणनीति तैयार की गई। बैठक में जिले के सभी एसडीएम, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
बैठक में युवाओं की भागीदारी पर विशेष चर्चा हुई। रोल प्रेक्षक निखिल गजराज ने बताया कि जो युवक-युवती 01 जनवरी 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे हैं, उनका नाम मतदाता सूची में शामिल करना प्राथमिकता है।
कहा कि रोल प्रेक्षक ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि विशेष पुनरीक्षण अभियान का मुख्य उद्देश्य एक पारदर्शी मतदाता सूची तैयार करना है। उन्होंने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि वे अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों से संबंधित एएसडी (अनुपस्थित, स्थानांतरित व मृत) और नो-मैपिंग मतदाताओं की सूची तत्काल राजनैतिक दलों को मुहैया कराएं।
उन्होंने दलों से आग्रह किया कि वे इन सूचियों का सूक्ष्मता से परीक्षण करें और यदि कहीं कोई खामी नजर आए तो तुरंत संबंधित अधिकारियों को सूचित करें, ताकि समय रहते सुधार किया जा सके।
इसके लिए उन्होंने राजनैतिक दलों से फार्म-6 भरवाने में सक्रिय सहयोग मांगा। स्पष्ट किया कि प्राप्त दावों व आपत्तियों के निस्तारण के बाद ही नाम जोड़ने या हटाने की अंतिम कार्रवाई की जाएगी। बैठक के दौरान सपा के जिला उपाध्यक्ष मुजाहिद अंसारी ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
उन्होंने शिकायत की कि लंबे समय से राजनैतिक दलों के साथ कोई बैठक आयोजित नहीं की गई है, जिससे संवादहीनता की स्थिति बनी रहती है। इस पर रोल प्रेक्षक ने सख्त रुख अपनाते हुए निर्देश दिए कि अब तहसील स्तर पर निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और जनपद स्तर पर जिला निर्वाचन अधिकारी प्रत्येक सप्ताह राजनैतिक दलों के साथ बैठक करेंगे और आवश्यक सूचनाएं साझा करेंगे।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष जियाउर्रहमान ने स्याना विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कुछ मतदेय स्थलों और मतदाता सूची से जुड़े तकनीकी मामलों को उठाया। उन्होंने कुछ विसंगतियों की ओर ध्यान आकर्षित किया, जिस पर संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी ने तत्काल अपनी स्थिति स्पष्ट की और नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया। बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), सभी तहसीलों के एसडीएम, तहसीलदार और विभिन्न दलों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।