जिले के 15 राजकीय विद्यालयों में 37.72 लाख रुपये से बिजली पहुंचेगी। प्रत्येक विद्यालय में जरूरत के अनुसार राशि जारी की गई है। अभी तक इन राजकीय विद्यालयों में बिजली कनेक्शन नहीं है, जिसके चलते छात्र-छात्राओं संग शिक्षकों को भी कई तरह की परेशानी का सामना करना पड़ता है।
जिले में 50 राजकीय विद्यालय संचालित हैं। इनमें से 15 विद्यालयों का संचालन तीन से चार साल में किया जा रहा है, लेकिन अभी तक इनमें बिजली की व्यवस्था नहीं थी। जिला विद्यालय निरीक्षक विनय कुमार ने बताया कि इन सभी 15 राजकीय विद्यालयों में बिजली उपलब्ध कराने के लिए विभाग के माध्यम से शासन से राशि की डिमांड की थी।
शासन की ओर से इन सभी विद्यालयों में जरूरत के अनुसार राशि जारी कर दी गई है। राशि मिलने के बाद इसे सभी विद्यालयों को उपलब्ध कराया जा रहा है। ताकि वह ऊर्जा निगम से संपर्क कर बिजली की व्यवस्था जल्द करा सकें।
उन्होंने बताया कि संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्य को निर्देशित किया गया है वह अप्रैल माह से शुरू होने वाले शैक्षिक सत्र से पहले बिजली की व्यवस्था करा लें। साथ ही इस व्यवस्था को कराने की जानकारी भी उपलब्ध कराए।