सिकंदराबाद। लाइन में फाल्ट होने के कारण नगर के कई मोहल्लों की बिजली नौ घंटे गुल रहने से उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। जोखाबाद उपकेंद्र नंबर सात से नगर के मोहल्ला बाजार माधोदास, कायस्थवाडा, रामबाडा, शेखवाडा, आशापुरी, चामड़ कॉलोनी, कबाड़ी बाजार, मोहल्ला बकरकसाबान आदि को विद्युत आपूर्ति होती है। उपभोक्ता नदीम, दीपक, जावेद, संतोष आदि ने बताया कि सुबह करीब दस बजे उनकी बिजली अचानक गुल हो गई। शाम सात बजे तक भी आपूर्ति बहाल नहीं होने के कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा। एसडीओ रवि कुमार ने बताया कि उपकेंद्र को पोषित करने वाली हाईटेंशन लाइन में फाल्ट होने के कारण आपूर्ति बाधित हुई। लाइन को ठीक करने के बाद शाम सात बजे आपूर्ति को बहाल कर दिया गया। संवाद