फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bulandshahar News: आंधी-बारिश से बेपटरी हुई बिजली व्यवस्था, कहीं टूटे खंभे तो कहीं हुआ फाल्ट

विज्ञापन
विज्ञापन
बुलंदशहर/चोला। आंधी-बारिश के कारण बुधवार रात जिले भर के लोगों को बिजली संकट से जूझना पड़ा। नगर क्षेत्र में कहीं दो तो कहीं चार घंटे बिजली सप्लाई प्रभावित रही। जबकि देहात क्षेत्रों में 20 घंटे तक लोगों को बिजली कटौती से जूझना पड़ा। करीब 400 से अधिक गांवों में लोगों को चारे और पानी का भी संकट झेलना पड़ा। बृहस्पतिवार को भी दिन में भी कई बार कटौती हुई।
विज्ञापन

चोला क्षेत्र में 33 केवीए लाइन में फाल्ट के कारण गांगरौल बिजलीघर से जुड़े 10 गांवों में दो घंटे बिजली सप्लाई प्रभावित रही। बताया जा रहा है कि देर रात आठ से 10.30 बजे तक खबरा, खानपुर, कादिरपुर, दाउदपुर, नगला बंसी, नगला इलाहाबाद, गांगरोल, शेरपुर, बहोरावास की बिजली सप्लाई प्रभावित रही। जेई ओम प्रकाश ने बताया कि धरपा ट्रांसमिशन केंद्र से आ रहे 33 केवीए की लाइन फेल होने के कारण लोगों को ढाई घंटे बिजली की समस्या का सामना करना पड़ा ढाई घंटे बाद सुचारू रूप से बिजली चालू हो पाई।



नगर और देहात क्षेत्र में रही बिजली गुल

खुर्जा। बारिश के बाद क्षेत्र की मुरारी नगर कालोनी, कालिंदी कुंज, नव दुर्गा शक्ति मंदिर कालोनी, मुगलपुरा, न्यू शिवपुरी, किला गांव मार्ग, सिद्धेश्वर मंदिर रोड, गांधी रोड, ढोरी मोहल्ला, मदार दरवाजा मोहल्ला, तरीनान मोहल्ला समेत सभी जगह आपूर्ति ठप हो गई। शाम सात बजे के बाद आपूर्ति बाधित होने के बाद कुछ फीडर पर देर रात तीन बजे सप्लाई चालू हो सकी। वहीं कुछ जगह बृहस्पतिवार सुबह आठ बजे के बाद सप्लाई चालू हो सकी। इसके अलावा खुर्जा के अगौरा, झमका, किला गांव, धराऊ, नगला मोहद्दीनपुर, पंचगईं, अरनिया मौजपुर, टैना, मंसूरपुर, किश्वागढ़ी समेत गांवों में आपूर्ति बाधित रही। साथ ही जहांगीरपुर के कपना, छपना, चिंगरावली, गोठनी समेत 25 गांवों में आपूर्ति बाधित रही। बारिश के बाद खुर्जा में जीटी रोड और सिद्धेश्वर मंदिर रोड पर अंधेरा पसरा रहा। पूरी रात कांवड़ियों को अंधेरे मार्ग पर चलना पड़ा।
विज्ञापन




सिकंदराबाद में गुल रही आधे नगर की बिजली

हवा और तेज बारिश के कारण नगर की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। नगर के एक तिहाई भाग की आपूर्ति रात 11 बजे बहाल हो गई। मगर आधे से अधिक नगर की आपूर्ति को बहाल होने में सुबह चार बजे तक का समय लग गया। नगर को तहसील, निजामपुर, जोखाबाद विद्युत उपकेंद्र से जुड़े क्षेत्रों में बुधवार की शाम करीब छह बजे बिजली गुल हो गई। बारिश बंद होने के बाद रात करीब 11 बजे जोखाबाद उपकेंद्र से जुड़े करीब पांच हजार उपभोक्ताओं की आपूर्ति को बहाल कर दिया गया। तहसील, निजामपुर उपकेंद्र की आपूर्ति देर रात तक भी बहाल नहीं हो सकी। बृहस्पतिवार को भी तहसील उपकेंद्र के खत्रीवाडा फीडर समेत अन्य लाइनों में फाल्ट के चलते उपकेंद्र से जुड़े कई क्षेत्रों की बिजली गुल रही।



तेज आंधी-बारिश में टूटे पेड़

खानपुर। नगर सहित ग्रामीण क्षेत्र में बुधवार शाम तेज आंधी और बारिश से पेड़ टूटकर गिर गए। गिनौरा नगली गांव के पास मैन लाइन पर पेड़ गिरने से विद्युत सप्लाई ठप हो गई। लड़ाना व बिगराउ फीडर पर आंधी के कारण कई विद्युत पोल टूट गए। खानपुर उपकेंद्र को सप्लाई देने वाली मुख्य लाइन भी कई स्थानों पर टूट गई। जिससे पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। सुबह में घरों में पानी की समस्या से लोगों को जूझना पड़ा। नगर पंचायत से होने वाला पानी भी कम मात्रा मे सप्लाई हुआ। जेई आकाश वर्मा ने बताया आंधी व बारिश के कारण कई स्थानों पर पोल गिर गए है। टाउन की सप्लाई को शुरु करा दी गई है, शेष टूटे खंभों को ठीक कराकर सप्लाई चालू कराई जाएगी।

लाइन पर पेड़ गिरने से 20 घंटे सप्लाई रही बाधित

नरसेना। आंधी व बारिश से क्षेत्र के कस्बा दौलतपुर कलां स्थित विद्युत उपकेंद्र को आने वाली एचटी लाइन के तारों पर पेड़ गिरने से 20 घंटे बिजली सप्लाई प्रभावित रही। जिसके चलते नरसेना, यूनिसपुर, दौलतपुर कलां, घुंघरावली, बसी बांगर, कपसाई, गजरौला, बरवाला, गेसूपुर व चंदियाना समेत 15 गांव की विद्युत सप्लाई 20 घंटे तक ठप रही। बिजली सप्लाई न होने के कारण क्षेत्र से गुजर रहे कांवड़ियों को भी परेशानियां हुई। जेई पीयूष कुमार का कहना है कि लाइन पर पेड़ गिरने से समस्या आई है। पेड़ को हटाकर लाइन को ठीक किया गया है। तार को ठीक कराकर सप्लाई चालू करा दी गई।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें