संवाद न्यूज एजेंसी
बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र में दबंगों ने एक घर के बाहर लगा बिजली मीटर उखाड़ दिया। पीड़ित पक्ष के विरोध करने पर उन पर तमंचा दिखाकर गोली मारकर हत्या करने की धमकी दी गई। नगर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नगर कोतवाली में मोहल्ला देवीपुरा स्थित महिला थाना रोड निवासी पीड़िता दया कुमारी गुप्ता ने तहरीर देकर बताया कि उनके मकान के बाहर बिजली मीटर लगा हुआ है। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले ओमप्रकाश ने अपनी पत्नी लक्ष्मी और पुत्र रवि के साथ मिलकर उनका बिजली मीटर उखाड़ दिया। जब उन्होंने और उनके पुत्र ने मौके पर पहुंचकर आरोपियों की हरकत का विरोध किया तो एक आरोपी ने उन पर तमंचा तानकर गोली मारकर हत्या करने की धमकी दी। इसके बाद उन्होंने वहां से भाग कर अपनी जान बचाई। नगर कोतवाली पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एसपी सिटी सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि नगर पुलिस को मामले में जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।