संवाद न्यूज एजेंसी
बुलंदशहर। बिजली निगम में तैनात संविदा कर्मचारियों ने मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान कर्मचारियों को न्यूनतम 22 हजार रुपये वेतन समेत कुल 12 मांगों का ज्ञापन चीफ इंजीनियर को सौंपा।
विद्युत संविदा कर्मचारी महासंघ के बैनर तले सोमवार को बिजली निगम के संविदा कर्मचारियों ने मांगों को लेकर चीफ इंजीनियर प्रदर्शन किया। इस दौरान मंडल संयोजक शिवकुमार गिरी ने कहा कि कर्मचारी नियमित तौर पर विभाग को अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन उनका लगातार शोषण किया जा रहा है। कम वेतन होने के कारण कर्मचारियों को आर्थिक संकट से जूझना पड़ रहा है और अधिकारी भी हर बार संविदा कर्मचारियों पर कार्रवाई करते हुए नौकरी से निकाल देते हैं। जिससे कर्मचारी परेशान हैं और मांगों को लेकर प्रदर्शन के लिए मजबूर हैं। इस दौरान मांग की कि कर्मचारियों को न्यूनतम 22 हजार रुपये वेतन दिया जाए, नियमित कर्मचारियों की तरह आठ घंटे की ड्यूटी निर्धारित की जाए, कर्मचारी की मौत की स्थिति में आश्रितों को मुआवजा पांच से बढ़ाकर 20 लाख रुपये किया जाए। कहा कि पूर्व में भी बिजली निगम कर्मचारियों ने मांगों को लेकर प्रदर्शन किया था, लेकिन आश्वासन देकर खानापूर्ति कर ली गई। मांग की कि शीघ्र ही मांगों को पूरा किया जाए। मौके पर आरएस राय, भूपेंद्र सिंह तोमर, काशिफ, कमला तिवारी मौजूद रहे।