उप्र सहकारी ग्राम विकास बैंक में बजा चुनावी बिगुल
बुलंदशहर। उप्र राज्य सहकारी समिति निर्वाचन आयोग के आदेश पर उप्र सहकारी ग्राम विकास बैंक में चुनावी बिगुल बज गया है। पहले चरण में शाखा प्रतिनिधि का चुनाव संपन्न होगा। इसके बाद प्रबंध कमेटी के सदस्य और सभापति/उपसभापति का चुनाव होगा। जनपद की सात शाखाओं में शाखा प्रतिनिधि के लिए बुधवार को नामांकन प्रक्रिया पूर्ण की गई, जिसमें बुलंदशहर और खुर्जा शाखा में निर्विरोध चुनाव हुआ। शेष का अब एक सितंबर को मतदान के बाद फैसला होगा।
कोरोना संक्रमण को देखते हुए उप्र राज्य सहकारी समिति निर्वाचन आयोग ने उप्र सहकारी ग्राम विकास बैंक चुनाव को तीन चरणों में संपन्न कराने के निर्देश दिए। पहले चरण में शाखा प्रतिनिधि का निर्वाचन किया जाना है, जिसके लिए बुधवार को जनपद के बुलंदशहर, खुर्जा, सिकंदराबाद, स्याना, डिबाई, अनूपशहर और पहासू क्षेत्र में नामांकन की प्रक्रिया हुई। सात पदों के लिए सात शाखाओं में 17 लोगों ने शाखा प्रतिनिधि बनने के लिए नामांकन किया। वहीं, निर्विरोध चुने गए शाखा प्रतिनिधियों को भाजपा जिलाध्यक्ष द्वारा फूल-माला पहनाकर बधाई दी गई।
सर्वाधिक पहासू क्षेत्र में छह ने खरीदा नामांकन
बुलंदशहर से चौधरी नरेंद्र सिंह और खुर्जा शाखा में सुनील सोलंकी ने शाखा प्रतिनिधि बनने के लिए नामांकन किया। वहीं, जनपद की पहासू शाखा में छह लोगों ने नामांकन पत्र खरीदा, जिसमें वीना शर्मा, सुधीर राघव, अरुण कुमार गौड, विनोद शर्मा, प्रमोद शर्मा और भूदेव आदि शामिल रहे। इनका चुनाव अब 234 ग्राम पंचायत के 365 गांव में 6263 मतदाता एक सितंबर को मत देकर करेंगे।
डिबाई में चार, अनूपशहर में तीन तो शेष जगह दो-दो ने किए नामांकन
शाखा प्रतिनिधि बनने के लिए डिबाई शाखा में चार प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र जमा किया। जिसमें गांव अमरपुर के पुष्पेंद्र कुमार, गंगापुर क ी बबली राज, नगला भूड़ के राजकुमार और नगर निवासी दिलीप गुप्ता शामिल रहे। अनूपशहर शाखा में शाखा प्रतिनिधि के लिए तीन प्रत्याशियों में संगीत कुमार, ब्रह्मसिंह और लाल सिंह ने नामांकन किया। सिकंदराबाद शाखा में शाखा प्रतिनिधि पद के लिए नामांकन करने वालों में गांव चीती निवासी राजेंद्र सिंह और गांव बिरौडी के वीरेंद्र सिंह शामिल रहे। स्याना शाखा में ग्राम वैराफिरोजपुर निवासी सुरेंद्र सिंह तथा ग्राम बिगराऊं निवासी ईश्वर द्वारा नामांकन पत्र जमा किया गया। सिकंदराबाद में करीब 336 गांवों के 3600 मतदाता मतदान करेंगे तो अनूपशहर में 2671 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
आज होगी नामांकन पत्र की जांच, कल वापसी
शाखा प्रतिनिधि बनने के लिए जमा किए गए प्रत्याशियों के नामांकन पत्रों की बृहस्पतिवार को जांच होगी। नामांकन पत्र सही होने पर प्रत्याशियों का नाम संबंधित शाखा पर चस्पा किया जाएगा। शुक्रवार को प्रत्याशी नाम वापसी कर सकेंगे। साथ ही शुक्रवार को चुनाव चिन्ह का आवंटन भी किया जाएगा। एक सितंबर को मतदान होगा और मतगणना के बाद उसी दिन चुनाव परिणाम घोषित कर दिया जाएगा।