धरपा गांव निवासी विजेंद्री ने बताया कि उनके गांव के बाहर ही एनएच-34 गुजर रहा है। हाइवे के दूसरी तरफ गांव के जंगल हैं। बृहस्पतिवार को विजेंद्री, उनकी जेठानी और सास संतो (80) हाइवे पार करके जंगल में लकड़ी लेनें गईं थी। दोपहर को जब तीनों महिलाएं लकड़ियों का गट्ठर सिर पर रखकर गांव आ रही थीं।
तभी नेशनल हाइवे पार करते वक्त बुलंदशहर की ओर से आ रही तेज रफ्तार थार कार ने वृद्धा संतो को टक्कर मार दी और वह दूर जाकर गिरीं। इसके बाद आरोपी चालक कार लेकर वहां से भाग गया। विजेंद्री ने इसकी सूचना पुलिस व परिजनों को दी। पुलिस ने लहूलुहान अवस्था में पड़ी संतो को अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उनको मृत घोषित कर दिया। यह सुन अस्पताल परिसर में परिजन बिलख उठे। देहात थाना प्रभारी ने बताया कि हादसे में वृद्धा की मौत हो गई है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।