जिला चिकित्सालय की ओपीडी में कुत्ते काटने का जख्म दिखाते सोरन सिंह। संवाद
बुलंदशहर। पुलिस लाइन रोड पर सब्जी की रेहड़ी लगा रहे एक बुजुर्ग को शुक्रवार सुबह कुत्ते ने काट लिया। जिला चिकित्सालय की ओपीडी में एआरवी के साथ बुजुर्ग को एआरएस लगाई गई। वहीं, तीन अन्य को एआरएस और 131 को एआरवी लगाई गई। पुलिस लाइन रोड पर 72 वर्षीय सोरन सिंह सब्जी की रेहड़ी लगाते हैं। शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे अचानक एक लावारिस कुत्ते ने उनके उल्टे पैर में काट लिया। राहगीर व पड़ोसियों ने कुत्ते को भगाया। जख्म गहरा होने पर परिवार के लोग उन्हें जिला चिकित्सालय ले आए। एआरवी लगाने के साथ जख्म देखकर एआरएस लगाने की सलाह दी। इसके अलावा खुर्जा निवासी 35 वर्षीय किशन के कुत्ते के काटने पर गहरा जख्म होने पर एआरएस लगाई गई। अनूपशहर सीएचसी से रेफर होकर एक बच्चा और बुजुर्ग एआरएस लगवाने पहुंचे। दानपुर निवासी 70 वर्षीय बुजुर्ग रामदास के पैर में कुत्ते के काटने पर अधिक जख्म होने व टांके लगे होने पर हायर सेंटर भेजा गया। साथ ही बच्चे की नाक के अंदर जख्म होने पर एआरएस लगवाने के लिए हायर सेंटर भेजा गया। जिला चिकित्सालय के प्रभारी सीएमएस डॉ. प्रदीप राणा ने बताया कि पुलिस लाइन रोड निवासी बुजुर्ग समेत चार को एआरएस लगाई गई है। जख्म अधिक होने पर संबंधित को दिल्ली भेजा जा रहा है।