कीरतपुर गांव निवासी गजेंद्र सिंह ने बताया कि उनके बड़े भाई राजकुमार की डेढ़ साल पहले बीमारी से मौत हो गई थी। इसके बाद भाभी सुनीता ही तीन बेटियों और एक बेटे का पालन पोषण कर रही थीं। उनकी बड़ी बेटी रेनू की शादी हो गई है, छोटी बेटी शिखा, निक्की और आठ वर्षीय बेटा उमंग गांव में स्थित एक निजी स्कूल में पढ़ते थे।
गुरुवार को रोजाना की तरह तीनों बच्चे स्कूल गए थे। दोपहर करीब डेढ़ बजे स्कूल की छुट्टी हो गई, तो स्कूल के बच्चे बाहर आने लगे। इसी के साथ पैदल ही अपने अपने घर जाने लगे। उमंग कुछ देर स्कूल के बाहर खड़ा हुआ और दोस्तों के आने के बाद उनके साथ पैदल घर जाने लगा। तभी तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्रॉली ने उमंग को टक्कर मार दी, जिसमें उमंग गंभीर रूप से घायल हो गया।
वहां मौजूद ग्रामीणों ने चालक को ट्रैक्टर ट्रॉली के साथ पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल उमंग को दानपुर पीएचसी पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। यह सुन परिजन अस्पताल में ही बिलख उठे। पीड़ित परिवार ने आरोपी चालक पर कार्रवाई की मांग की।
सड़क हादसे में बच्चे की मौत की जानकारी मिली थी। आरोपी चालक अभी पुलिस हिरासत में और ट्रैक्टर ट्रॉली कब्जे में है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। - मधूप सिंह, सीओ डिबाई।