यूजी प्रथम वर्ष की कक्षाओं में शुरू हुए प्रवेश
बुलंदशहर। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय मेरठ से संबद्ध डिग्री कॉलेजों में यूजी प्रथम वर्ष की कक्षाओं में प्रवेश सोमवार से शुरू हो गए हैं। पहले दिन कॉलेजों में प्रवेश के लिए छात्रों की संख्या कम रही। बीए, बीएससी और बीकॉम में प्रवेश के लिए कॉलेजों में अलग-अलग काउंटर बनाए गए थे। छात्रों के सभी शैक्षणिक प्रमाण पत्र व विवि का ऑफर लेटर देखने के बाद उन्हें प्रवेश दिए गए हैं। कॉलेजों को प्रतिदिन प्रवेश की रिपोर्ट भी विवि के पोर्टल पर अपलोड करनी होगी।
सीसीएसयू ने बीए, बीएससी व बीकॉम प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए शनिवार की देर शाम कटऑफ जारी कर दी थी। इसके बाद सोमवार से छात्रों के प्रवेश कॉलेजों ने शुरू कर दिए हैं। जिले के 12 एडेड व करीब 90 सेल्फ फाइनेंस कॉलेजों में प्रवेश लेने के लिए छात्र सुबह से पहुंचने शुरू हो गए थे। कॉलेजों ने भी कटऑफ को गेट के बाहर चस्पा कर दिया था। सुबह दस बजे से अलग-अलग काउंटरों पर छात्रों के प्रवेश कंफर्म किए गए। नगर के डीएवी पीजी कॉलेज में पहले दिन बीए में दस, बीएससी में पांच, आईपी पीजी कॉलेज प्रथम परिसर में बीकॉम में दो, गौरी शंकर कन्या महाविद्यालय में बीकॉम में चार व बीए में तीन, मुस्लिम गर्ल्स डिग्री कॉलेज में बीए में तीन व बीकॉम में दो और डिबाई के दिगंबर पीजी कॉलेज में बीए पांच प्रवेश हुए हैं। खुर्जा के एनआरईसी कॉलेज में पहले दिन छात्रों ने प्रॉसपेक्टस खरीदे। गुलावठी के डीएन डिग्री कॉलेज में करीब दस छात्रों ने प्रवेश लिए हैं। बताया गया कि बुधवार तक छात्रों के पास पहली कटऑफ में प्रवेश लेने का मौका है।
पहली कटऑफ के प्रवेश कॉलेजों में शुरू हो गए हैं। बुधवार तक प्रवेश होंगे। छात्र समय रहते अपने प्रवेश करा लें। पहले दिन छात्रों की संख्या कुछ कम रही है। मंगलवार को प्रवेश करवाने वाले छात्र-छात्राओं की संख्या बढ़ जाएगी। कटऑफ भी इस बार काफी हाई रही है।
- डा. अरविंद कुमार, प्राचार्य, आईपी कॉलेज प्रथम परिसर।