मंगलवार सुबह करीब नौ बजे राहगीरों ने खुर्जा रोड पर एसआर पेट्रोल पंप के पास नाले में एक बोरा पड़ा देखा। शक होने पर लोगों ने पुलिस को इसकी जानकारी दी। मौके पर पहुंच पुलिस ने बोरे को जैसे ही बाहर निकाला और खोला तो उसमें एक युवक का शव था। गुमशुदगी के आधार पर सबसे पहले पुलिस ने विपिन के परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंची विपिन की बड़ी बहन सपना ने उसकी पहचान अपने छोटे भाई के रूप में की।
विपिन की मौत की सूचना जैसे ही अन्य परिजनों को लगी तो सभी मौके पर पहुंच गए। वहां से पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया जबकि परिजन और सलेमपुर कायस्थ के ग्रामीण कोतवाली पहुंच गए। वहां पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए उन्होंने विरोध शुरू कर दिया। इसके बाद सभी लोग कोतवाली से बाहर निकले और बुलंदशहर-गाजियाबाद जीटी रोड पर जाम लगा दिया। 15 मिनट तक जाम से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं। इस दौरान लोगों ने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पुलिस अधिकारियों के समझाने पर परिजन और ग्रामीण शांत हुए। उन्होंने कहा कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई की जाएगी।
विपिन के बड़े भाई विकास ने तहरीर दी है। उसमें बताया कि विपिन रविवार की रात करीब आठ बजे ई-रिक्शा लेकर घर से निकला था। उसे सिकंदराबाद औद्योगिक क्षेत्र से मजदूर महिलाओं को नया गांव छोड़ना था। महिलाओं को छोड़ने के बाद करीब 8:30 बजे रात उसका फोन बंद हो गया। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं लगा तो पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर ली। तहरीर में विकास ने आरोप लगाया है कि विपिन की हत्या गांव निवासी दंपती राजू और कविता ने की है। पुलिस ने राजू और कविता के खिलाफ हत्या की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज करते हुए दोनों को हिरासत में ले लिया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है।
परिवार में सबसे छोटा था और चहेता था विपिन
मृतक के भाई विकास का कहना है कि विपिन परिवार में सबसे छोटा था और सभी उससे प्यार करते थे। बताया कि राजू और विपिन ई-रिक्शा चलाते थे। इस कारण दोनों में मित्रता भी थी। उन्होंने बताया कि सोमवार को गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए उन्हें पूरे दिन पुलिस के चक्कर लगाने पड़े, जिसके बाद रिपोर्ट दर्ज की गई। मृतक के परिवार में तीन बहनें और दो भाई हैं। उसके पिता रमेशचंद मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। विपिन भी ई-रिक्शा चलाकर परिवार की गुजर-बसर में हाथ बटाता था। विपिन की मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। विपिन अविवाहित था।
परिजनों ने किसी प्रकार की रंजिश से इन्कार किया है। गांव निवासी एक दंपती पर संदेह जाहिर किया है। दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। - दिनेश कुमार सिंह, एसएसपी