खुर्जा में होली को लेकर रूट मार्च करते डीएम, एसएसपी और सीओ। स्रोत: पुलिस
बुलंदशहर। रंगों के त्योहार होली और इबादत के महीने रमजान को लेकर बुलंदशहर पुलिस-प्रशासन अलर्ट मोड पर है। जिले की सड़कों पर जहां पुलिस का पहरा सख्त कर दिया गया है, वहीं मिश्रित आबादी वाले संवेदनशील इलाकों में ड्रोन कैमरों से पल-पल की निगरानी की जा रही है। प्रशासन ने दो टूक चेतावनी दी है कि त्योहार की खुशी में खलल डालने वाले अराजक तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
बुधवार को मनाए जाने वाले मुख्य पर्व को लेकर एसएसपी और जिलाधिकारी ने संयुक्त रूप से शांति व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि विशेष रूप से संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस टीमों को तैनात किया गया है। काला आम, ऊपर कोट, अंसारी रोड और स्याना गेट जैसे मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में पुलिस ने विशेष रणनीति तैयार की है। इन इलाकों में ड्रोन उड़ाकर निगरानी की जा रही है। एसपी सिटी ने बताया कि पुलिस की टीमें लगातार फ्लैग मार्च कर रही हैं, जिससे कि आमजन में सुरक्षा का भाव बना रहे।
त्योहार के दौरान सड़कों पर स्टंट करने वाले और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ पुलिस ने अभियान छेड़ दिया है। मुख्य चौराहों पर पुलिसकर्मी ब्रेथ एनलाइजर के साथ तैनात हैं। नशे में धुत होकर बाइक दौड़ाने वालों के न केवल चालान काटे जा रहे हैं, बल्कि उनके वाहन सीज करने की कार्रवाई भी की जा रही है। पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि वे अपनी और दूसरों की जान जोखिम में न डालें।
रमजान और होली का संगम, धर्मगुरुओं से संवाद
इस बार होली का पर्व रमजान माह के दौरान पड़ रहा है, इसलिए पुलिस प्रशासन अधिक सतर्क है। एसएसपी ने जिले के प्रमुख धर्मगुरुओं, मौलानाओं और मंदिर समितियों के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में तय हुआ कि नमाज के समय और मस्जिद के रास्तों पर रंग खेलने को लेकर सावधानी बरती जाएगी। धर्मगुरुओं ने भी समाज से अपील की है कि वे गंगा-जमुनी तहजीब का पालन करें और अफवाहों पर ध्यान न दें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
एसएसपी ने कहा...
होली पर्व को सभी लोगों को आपसी मेलजोल के साथ मनाए जाने की अपील की गई है। हुड़दंगियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। शराब पीकर वाहन चलाने व स्टंट करने वालों को हवालात में डाला जाएगा। - दिनेश कुमार सिंह, एसएसपी