बुलंदशहर। नगर पालिका क्षेत्र की छह काॅलोनियों में पेयजल लाइन बिछाते हुए करीब 50 हजार लोगों को निर्बाध आपूर्ति दी जाएगी। इस पर नगर पालिका की ओर से करीब पौने चार करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। शासन ने 15वें वित्त आयोग के तहत नगर पालिका को राशि जारी की थी। अधिकारियों ने प्रस्ताव तैयार करते हुए स्वीकृति के लिए डीएम के पास भेजा है।
शासन की ओर से 15वें वित्त आयोग के तहत दूसरी किस्त के तौर पर नगर पालिका को करीब 3.42 करोड़ रुपये जारी किए थे। जारी की गई धनराशि के सापेक्ष नगर पालिका अधिकारियों ने पुरानी पाइप लाइन बदलने और नई पाइप लाइन बिछाने के लिए प्रस्ताव तैयार किए हैं।
इन कार्यों के पूरा होने के बाद शहर के 50 हजार से अधिक लोगों को बेहतर पेयजल सप्लाई की जा सकेगी। नगर के वार्ड 24 स्थित मानसरोवर कालोनी में पहली बार पेयजल लाइन बिछाई जाएगी। इससे पेयजल सप्लाई का इंतजार कर रहे लोगों को पहली बार आपूर्ति मिलेगी। अभी तक काॅलोनी के लोग सबमर्सिबल पर निर्भर हैं। काॅलोनी में करीब तीन सौ मीटर पाइप लाइन बिछाने पर नगर पालिका की ओर से 16.26 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
मुख्य बाईपास की बदलेगी पेयजल लाइन
नगर के डीएवी तिराहा से मामन चौकी की ओर की मुख्य पेयजल लाइन को बदलने के लिए कार्य किया जाएगा। इसके लिए अधिकारियों ने 1500 मीटर पाइप बदलने का 1.30 करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार किया है। पेयजल लाइन को बदले जाने से बाईपास रोड, राधा नगर, शास्त्री नगर, आदर्श नगर, नहर कालोनी, हाईडिल काॅलोनी समेत अन्य कालोनियों के लोगों को बेहतर पेयजल सप्लाई मिलेगी।
इन काॅलोनियों में भी होगा कार्य
नगर क्षेत्र के पुलिस लाइन में 625 मीटर पाइप लाइन बिछाने पर 53.71 लाख, फैसलाबाद में 950 मीटर लाइन बिछाने पर 52.06 लाख, अनूपशहर रोड पर 280 मीटर पेयजल लाइन बिछाने पर 14.27 लाख, डीएवी फ्लाईओवर के पास 380 मीटर लंबी पाइप लाइन बिछाने पर 20 लाख, धमेड़ा अड्डा क्षेत्र में 1625 मीटर लंबी लाइन बिछाने पर 79.80 लाख रुपये का खर्च किया जाएगा।
Iपेयजल लाइन बिछाने के लिए प्रस्ताव तैयार किए गए हैं। इन प्रस्तावों को डीएम के समक्ष स्वीकृति के लिए रखा जाएगा। स्वीकृति मिलने के बाद जल्द ही कार्य शुरू कराया जाएगा। - अमित गौतम, सहायक अभियंता ,जलकल विभाग, नगर पालिकाI