नगर की मानसरोवर कालोनी में लोगों को पहली बार पाइप लाइन से पेयजल की सप्लाई दी जाएगी। इसके लिए नगर पालिका अधिकारियों ने 16.26 लाख रुपये का प्रस्ताव तैयार करते हुए टेंडर प्रक्रिया शुरू की है। अगले माह अधिकारियों ने पाइप लाइन बिछाने का कार्य शुरू करने का दावा किया है।
नगर पालिका के वार्ड 24 के मोहल्ला मानसरोवर कालोनी के लोग पाइप लाइन से पेयजल की सप्लाई के लिए करीब दस साल से इंतजार कर रहे हैं। पाइप लाइन से सप्लाई न मिलने के कारण लोगों को घरों में मोटी रकम खर्च करके सबमर्सिबल पंप लगवाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। ऐसे में अब नगर पालिका की ओर से कालोनी में 300 मीटर लंबी पेयजल लाइन बिछाने के लिए योजना तैयार की गई है। इसके लिए नगर पालिका अधिकारियों ने 16.26 लाख रुपये खर्च करते हुए लोगों को पेयजल सप्लाई देने के लिए प्रस्ताव तैयार किया है।
योजना के तहत अधिकारियों ने टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। कालोनी में रहने वाले करीब 1500 लोगों को जल्द ही पाइप लाइन से सुबह और शाम के समय पेयजल की सप्लाई दी जाएगी। नगर पालिका जलकल विभाग के सहायक अभियंता अमित गौतम ने बताया कि पाइप लाइन बिछाने के लिए टेंडर प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही प्रक्रिया पूरी करते हुए काम शुरू कराया जाएगा।