विवाहिता की गला दबाकर हत्या की कोशिश
बुलंदशहर। देहात कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी विवाहिता की उसके पति व अन्य ससुराल वालों ने दहेज की खातिर गला दबाकर हत्या की कोशिश की। पीड़िता ने अपने देवर पर छेड़छाड़ करने का भी आरोप लगाया है। आरोपियों के खिलाफ एसएसपी से कार्रवाई की मांग की गई है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी विवाहिता ने तहरीर देकर एसएसपी को बताया कि उसका विवाह करीब तीन वर्ष पूर्व गौतमबुद्धनगर के जारचा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक से हुआ था। शादी में मायके पक्ष ने हैसियत से अधिक दान दहेज भी दिया था लेकिन आरोपी ससुराल वाले मिले हुए दहेज से खुश नहीं थे। वह दहेज के रूप में कार व एक लाख रुपये नगदी की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर पीड़िता का उत्पीड़न शुरू किया। मायके पक्ष के द्वारा इस संबंध में कई बार उन्हें समझाया गया और कार व नगदी देने में असमर्थता जताई गई। आरोपी नहीं माने और अपनी मांगो पर ही डटे रहे। आरोप है कि गत 21 दिसंबर को पीड़िता अपनी ससुराल में ही थी। इस दौरान उसका देवर उसके कमरे में घुस आया और उसके साथ अभद्रता करते हुए छेड़छाड़ करनी शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और भाग निकला। पीड़िता ने मामले की शिकायत अन्य ससुराल वालों से की, तो उन्होंने उल्टा पीड़िता पर आरोप लगाते हुए मारपीट की और गला दबाकर हत्या की कोशिश की। इसके बाद आरोपियों ने उसे घर से निकाल दिया। तब से पीड़िता अपने मायके में ही रह रही है। पीड़िता ने एसएसपी से मामले में न्याय की गुहार लगाई है। एसएसपी ने थाना पुलिस को मामले में जांच कर उचित कार्रवाई के लिए निर्देशित किया है।