शिकारपुर/सलेमपुर। सलेमपुर थाना क्षेत्र के गांव शाहपुर में रविवार सुबह एक ग्रामीण का शव नलकूप के पास पेड़ पर फंदे से लटका मिला। बताया जा रहा है कि घरेलू विवाद से क्षुब्ध होकर व्यक्ति ने आत्मघाती कदम उठाया है।
पुलिस के अनुसार, गांव शाहपुर निवासी दीपक (40 वर्ष) पुत्र रामचरण का पत्नी सुमन के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। यह कहासुनी इतनी बढ़ गई कि दीपक मानसिक रूप से परेशान रहने लगा। रविवार सुबह दीपक गांव से कुछ दूरी पर स्थित नलकूप पर पहुंचा। वहां उसने नीम के पेड़ पर फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। सुबह जब ग्रामीण खेतों की ओर निकले, तो पेड़ से लटका शव देख पुलिस और परिजनों को सूचना दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। परिजनों ने बताया कि दीपक की शादी करीब 13 वर्ष पूर्व हुई थी और उसके दो बच्चे हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला घरेलू क्लेश के कारण आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।