बुलंदशहर। सरकारी चिकित्सालयों में दवा न होने पर चिकित्सक बाहर की महंगी दवाएं लिख देते हैं। जबकि जिलेभर के सरकारी चिकित्सालयों में प्रधानमंत्री जनऔषधि केंद्र संचालित हो रहे हैं। अब प्रमुख सचिव के आदेश पर सीएमओ ने सभी चिकित्सा प्रभारियों को जेनेरिक एवं प्रधानमंत्री जनऔषधि केंद्र पर उपलब्ध दवाएं लिखने के निर्देश दिए हैं।
उत्तर प्रदेश शासन के प्रमुख सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने सीएमओ और समस्त अधीक्षक एवं प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को जेनेरिक दवाओं के संदर्भ में पत्र भेजा है। पत्र के अनुसार अब जिलेभर के सरकारी चिकित्सालयों में निशुल्क दवा वितरित की जा रही हैं।
पहले भी सरकारी चिकित्सालयों में दवाएं न होने पर चिकित्सकों को जेनेरिक दवाएं लिखने का आदेश दिया गया था लेकिन अधिकांश जगह प्रधानमंत्री जनऔषधि केंद्र संचालित होने पर भी चिकित्सक ब्रांडेड कंपनियों की दवाएं लिख रहे हैं। प्रमुख सचिव ने ऐसे चिकित्सक एवं प्रभारियों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी है।
Iप्रमुख सचिव के आदेश से सभी को अवगत कराया जा रहा है। सभी चिकित्सक केंद्र पर दवा न होने पर जेनेरिक दवा ही लिखेंगे। - डॉ. सुनील कुमार दोहरे, सीएमओI