बुलंदशहर। जिला चिकित्सालय में चिकित्सक समय से ओपीडी में नहीं पहुंच रहे हैं। सोमवार को मेडिसिन कक्ष में सुबह 11:30 बजे तक मरीज चिकित्सक का इंतजार करते रहे। चिकित्सक ने पहुंचने पर कुछ मरीज बिना परामर्श लौट गए तो कुछ ने अन्य विशेषज्ञ से परामर्श लिया।
जिला चिकित्सालय की ओपीडी के कक्ष 12 में मेडिसिन विभाग के तीन विशेषज्ञ बैठते हैं। सोमवार को ओपीडी खुली तो सुबह आठ बजे से मरीज पहुंचने शुरू हो गए लेकिन चिकित्सक 11:30 बजे तक भी नहीं पहुंचे। किसी ने इसकी शिकायत मेडिकल कॉलेज के सीएमएस को दी लेकिन वह भी कोई समाधान नहीं करवा पाए।
नगर निवासी महेंद्री ने बताया कि चिकित्सक से परामर्श लेने के लिए सुबह नौ बजे से बैठी हूं। मरीज कादिर ने बताया कि परामर्श लेने के लिए करीब एक घंटे से बैठा हूं। कोई यह जानकारी नहीं दे रहा कि चिकित्सक आएंगे या नहीं। चिकित्सकों का यह हाल तब है जबकि प्रत्येक सप्ताह मेडिकल कॉलेज की प्रधानाचार्य निरीक्षण कर सभी को समय से बैठने के निर्देश देती रहती हैं।
कोट
मेडिसिन विभाग की नए भवन में भी ओपीडी संचालित हो रही है। जिला चिकित्सालय की ओपीडी में बैठने वाले चिकित्सक अवकाश पर रहे। इस वजह से समस्या बनी। - डॉ. धीर सिंह, चिकित्सा अधीक्षक, कल्याण सिंह राजकीय मेडिकल कॉलेज