अंसारी रोड पर पैदल मार्च कर साफ-सफाई का निरीक्षण करते डीएम आंजनेय कुमार और साथ में पालिकाकर्मी।
- फोटो : ब्यूरो
डीएम ने शनिवार सुबह को शहर में सात किमी पैदल यात्रा कर शहर की सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। जगह-जगह गंदगी मिलने पर डीएम भड़क गए और निकाय अफसरों को साफ-सफाई की सख्त हिदायत दी। डीएम ने निकाय अफसरों को सार्वजनिक स्थानों से अतिक्रमण हटाने का भी सख्त आदेश दिया।
शनिवार सुबह 7:30 बजे डीएम आन्जनेय कुमार सिंह अफसर और कर्मचारियों के साथ डीएम रोड से होते हुए काला आम चौराहे पर पहुंचे। यहां नाला गंदगी से पटा हुआ मिलां। बंद सिनेमाघर के सामने नाले की सफाई होती मिली। सिविल लाइन रोड पर पीएनबी के सामने मैनहोल खुला मिला।
पुरानी जेल के सामने गंदगी का अंबार मिला। जीजीआईसी के सामने कचरा अव्यवस्थित देख डीएम ने निकाय अफसरों को कचरे को कवर कराने का आदेश दिया। यहां से डीएम अंसारी रोड चौराहे पर पहुंचे। महेश पार्क, रोडवेज बस स्टैंड, मामन चौकी के पास सफाई न होने पर नाराजगी व्यक्त की।
काली नदी रोड पर पहुंचकर डीएम ने अतिक्रमण हटाने को कहा। मोतीबाग स्थित नेत्र चिकित्सालय में और अस्पताल के आसपास साफ सफाई नहीं होने पर डीएम भड़क गए। उन्होंने अफसरों को मौके पर ही फटकार लगाई।