नगर के रोडवेज अड्डे पर राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के दौरान लोेगों को शपथ दिलाती डीएम। स्रोत : प
बुलंदशहर। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और लोगों को सुरक्षित सफर के प्रति जागरूक करने के लिए बृहस्पतिवार को परिवहन विभाग द्वारा राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 का शुभारंभ किया गया। बुलंदशहर रोडवेज बस स्टैंड पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में डीएम श्रुति और एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान अधिकारियों ने वाहन चालकों और रोडवेज कर्मियों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाते हुए यातायात नियमों को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
डीएम श्रुति ने कहा कि जीवन अनमोल है, इसे चंद मिनटों की जल्दी या लापरवाही में न गंवाएं। उन्होंने विशेष रूप से रोडवेज चालकों से कहा कि बस में बैठी सवारियां आपके परिवार जैसी हैं, इसलिए उनकी सुरक्षा आपकी प्राथमिकता होनी चाहिए। डीएम ने निर्देश दिए कि कोहरे के मौसम को देखते हुए सभी वाहनों में फॉग लाइट और रिफ्लेक्टर अनिवार्य रूप से लगाए जाएं।
उन्होंने संबंधित विभागों को कहा कि जागरूकता के साथ-साथ चेकिंग अभियान में सख्ती बरती जाए और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। वहीं, एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने कहा कि प्रतिवर्ष सड़क हादसों में हजारों लोग अपनी जान गंवा देते हैं, जो बेहद चिंताजनक है। उन्होंने खुशी जताई कि जागरूकता अभियानों से दुर्घटनाओं में कमी आई है, लेकिन इसे शून्य पर ले जाने के लिए हर नागरिक का सहयोग जरूरी है।
डीएम और एसएसपी ने परिवहन विभाग के विशेष जागरूकता संदेशों से लैस प्रचार वाहनों को रवाना किया। ये वाहन पूरे महीने जनपद के विभिन्न कस्बों, गांवों और चौराहों पर जाकर ऑडियो-विजुअल माध्यम से लोगों को जागरूक करेंगे। इस अवसर पर एसपी सिटी शंकर प्रसाद, यात्री कर अधिकारी विकास अस्थाना, एआरएम रोडवेज, सीओ ट्रैफिक समेत अन्य विभागीय अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।