सिकंदराबाद। जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. अंतुल तेवतिया के नेतृत्व में शुक्रवार को नगर में अग्रसेन पीजी कॉलेज से पंचवटी फॉर्म हाउस तक रामोत्सव पदयात्रा निकाली गई। पदयात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया और घर जाकर दीये, बाती, तेल के पैकेट बांटे।
डॉ. अंतुल तेवतिया ने कहा कि हमारा संकल्प है किसी गरीब, किसानों के घर में 22 जनवरी को अंधेरा न रहे। हर एक घर में प्रभु राम के नाम का दीप जले और उसके जीवन में खुशहाली और उल्लास का आगमन हो। अयोध्या में निर्मित श्री राम जन्मभूमि मंदिर में जब रामलला सरकार विराजेंगे तो पूरा विश्व जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठेगा। 500 वर्ष के इंतजार के बाद आए इस गौरवपूर्ण पल को दीपोत्सव के माध्यम से आनंदमय बनाना है। इसी उद्देश्य से वंचित और जरूरतमंद परिवारों को 11-11 दीप, तेल और बाती बांटने का काम किया जा रहा है। जनपद में पांच लाख से अधिक दीप रामभक्त परिवारों को बांटने का कार्य किया जा रहा है। महिलाओं के साथ निकाली गई इस दीप दान यात्रा का नगर में लोगों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। जय श्री राम के जयकारों से माहौल पूरी तरह से राममय हो गया। अंशु भाटी, सुमन देवी बड़ौदा, निशा देवी प्रानगढ़, सपना गुर्जर, ममता भाटी, रचना चौधरी, सीमा शर्मा, देवी राघव, दीपिका यादव समेत बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।