बुलंदशहर। बारिश के समय जिला अस्पताल की छत से फिर पानी टपकने लगा है। बुधवार को बारिश के समय एक्सरे कक्ष परिसर की छत से पानी टपकता रहा तो पंजीकरण काउंटर, इमरजेंसी और डायलिसिस कक्ष में सीलन होने लगी है। अगर इसे अभी नहीं रोका गया तो भविष्य में यहां पर भी पानी टपकने की समस्या बन जाएगी। नेत्र विभाग के बाहर बेड व अन्य सामान खुले में रखा हुआ है जो बारिश में भीगता रहता है।
जिला अस्पताल की इमरजेंसी की छत से एक साल पूर्व कई जगह से पानी टपकने की समस्या सामने आने पर अस्पताल प्रशासन ने छत को दोबारा से रिपेयर करवाया लेकिन इसके बाद पानी टपकने की समस्या जहां बंद हो गई तो वहीं, सीलन की समस्या शुरू हो गई। अब बारिश के समय अस्पताल की इमरजेंसी, पंजीकरण काउंटर, एक्सरे कक्ष, डायलिसिस वार्ड में सीलन की समस्या नजर आ जाती है। बुधवार को बारिश होने पर एक्सरे कक्ष परिसर की छत से दो से अधिक स्थानों से पानी टपकता रहा। साथ ही पंजीकरण काउंटर, डायलिसिस वार्ड, इमरजेंसी कक्ष समेत कई स्थानों पर सीलन नजर आई। वहीं, नेत्र विभाग ऑपरेशन कक्ष के बाहर काफी समय से बेड व अन्य सामान खुले में रखा है। जो बारिश के समय भीगता रहता है। बुधवार को भी खुले में रखे बेड व अन्य सामान बारिश में भीगते रहे। लेकिन इन ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है।
जहां सीलन आ रही है, उसे देखा जाएगा और पानी टपकने वाले व सीलन वाले स्थान को सही करवा दिया जाएगा। छत की साफ-सफाई के लिए कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं। खुले में जो सामान रखा है उसे सुरक्षित स्थान पर रखवा दिया जाएगा। - डॉ. राजीव प्रसाद, सीएमएस जिला अस्पताल