डिबाई गबन : क्राइम ब्रांच ने खंगाले दस्तावेज
बुलंदशहर। पावर कॉरपोरेशन के डिबाई डिवीजन में हुए 56 लाख रुपये के गबन मामले में क्राइम ब्रांच की टीम ने जांच शुरू कर दी है। क्राइम ब्रांच टीम द्वारा डिवीजन पहुंचकर गबन से जुड़े तथ्यों को एकत्र करने शुरू किए जाने पर विभाग में चर्चा का दौर शुरू हो गया है।
डिबाई डिवीजन में वर्ष 2015 में 1.25 करोड़ रुपये के गबन का मामला उजागर हुआ था। जिसकी जांच अभी चल रही है। मामले में गत सितंबर माह में विजिलेंस की जांच रिपोर्ट के आधार पर डिबाई एक्सईएन ने सात अवर अभियंताओं समेत 30 कर्मियों के खिलाफ 56 लाख रुपये के गबन का आरोप लगा डिबाई कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था। उनमें से 18 लोग जिले की विभिन्न डिवीजन और 12 लोग गैर जिलों में तैनात हैं। वहीं, मुकदमा दर्ज होने के बाद क्राइम ब्रांच की टीम ने विवेचना शुरू कर दी है। टीम सर्वप्रथम साक्ष्य जुटाने के लिए एक्सईएन कार्यालय पहुंची और एक्सईएन से गबन के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी जुटाई। टीम द्वारा मामले की विवेचना में तेजी लाने से विभाग में चर्चाओं का बाजार गर्म होने लगा है। विभागीय अफसरों के अनुसार गबन की रकम 50 लाख रुपये से अधिक होने के कारण एसएसपी ने अगस्त माह में क्राइम ब्रांच को विवेचना सौंप दी थी। एक्सईएन देवेंद्र कुमार ने बताया कि क्राइम ब्रांच की टीम ने विवेचना शुरू कर दी है। टीम द्वारा मांगे गए दस्तावेज उपलब्ध करा दिए गए हैं।