खुर्जा। नगर में रविवार शाम छह बजे से ही दंडवत लेटते हुए सिद्धेश्वर मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ जमा हो गई थी। धीरे-धीरे श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती रही और पूरा मार्ग भक्तिमय हो गया। मार्ग पर भोले के जयकारे लगते रहे। इस दौरान पुलिस प्रशासन की ओर से भी पूरी सुरक्षा व्यवस्था रखी गई थी।
खुर्जा के सिद्धेश्वर महादेव मंदिर में सावन माह के सोमवार को जलाभिषेक करने की विशेष मान्यता है। वहीं आखिरी सोमवार को यहां पर लोग अपने घरों से दंडवत लेटते हुए मंदिर तक पहुंचते हैैं। बताया गया है कि दंडवत यहां की स्थानीय प्रथा है। दंडोती लगाने से जीवन भर के कष्ट मुक्त हो जाते हैं। इसलिए सोमवार से एक दिन पहले रविवार रात को ही लोग दंडोती में शामिल हो जातेे हैं। इसमें कोई दूरी या सीमा बाध्य भी नहीं होती है। कोई भी व्यक्ति अपनी श्रद्घा भाव के साथ कहीं से भी दंडोती शुरू कर सकता है।
इसी के चलते रविवार रात को मंदिर रोड पर दंडोती लगाने वालों की भारी भीड़ रही है। उनके स्वागत के लिए मार्ग पर विभिन्न समितियों, समाजसेवकों और जनप्रतिनिधियों की ओर से स्वागत शिविर व भंडारे भी लगाए गए। वहीं दंडोती देखने के लिए दूर गांव से भी लोग आए थे। मंदिर मार्ग पर रात आठ बजे से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जमा हो गई, जो सोमवार सुबह दस बजे तक रही। वहीं पुलिस की ओर से मंदिर मार्ग पर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया गया और हल्के वाहनों को एक ओर से निकाला गया।