बुलंदशहर। हज यात्रा के लिए चयनित आजमीन-ए-हज अब अपनी यात्रा की दूसरी किस्त जमा करेंगे। उन्हें इस किस्त में 1.70 लाख रुपये की राशि जमा कराने के लिए 10 मार्च तक का समय दिया गया है। जिला हज प्रशिक्षण एवं टीकाकरण केंद्र के प्रभारी हाजी नूर मोहम्मद कुरैशी ने बताया कि हज यात्रा की पहली किस्त की राशि जमा हो चुकी है। अब हज कमेटी ऑफ इंडिया ने दूसरी किस्त भी जमा करने के निर्देश जारी कर दिए हैं। यह राशि स्टेट बैंक ऑफ इंडिया या यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के संचालित खाते में जमा कर सकते हैं। कुरैशी ने बताया कि हज कमेटी की वेबसाईट www.hajcommittee.gov.in पर ऑनलाइन नेट बैंकिंग, क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड, यूपीआई से भी किश्त की धनराशि जमा कर सकते हैं। ऑनलाइन भुगतान की सुविधा 24 घंटे उपलब्ध है। यदि जिले के हज यात्रा के लिए चयनित किसी आजमीन-ए-हज को कोई परेशानी आती है तो वह जिला हज प्रशिक्षण एवं टीकाकरण केंद्र से संपर्क कर सकता है। संवाद