बुलंदशहर। खुर्जा क्षेत्र के गांव शाहपुर कलां के छह मरीज समेत नौ में डेंगू बुखार की पुष्टि हुई है। बुखार से मौत एवं मरीजों की संख्या बढ़ने पर शिविर लगाकर सैंपल लिया गया। इसमें धरपा, मुनी एवं खुर्जा नगर के एक-एक मरीज में डेंगू की पुष्टि हुई है। छह की जिला चिकित्सालय, एक की अलीगढ़ एवं दो की खुर्जा के एक निजी अस्पताल में जांच की गई। मरीजों को भर्ती करने के लिए जिला अस्पताल में वार्ड बनाया गया है।
मौसम बदलने के चलते वायरल बुखार का प्रकोप जहां बढ़ रहा है तो वहीं, डेंगू और मलेरिया के मामले भी लगातार बढ़ रहे हैं। अक्तूबर माह के शुभारंभ के दौरान खुर्जा जंक्शन क्षेत्र के गांव शाहपुर कला में बुखार का प्रकोप बढ़ गया और पांच दिन में तीन लोगों की मौत बुखार से हो गई। इसके बाद विभाग ने लगातार गांव में स्वास्थ्य शिविर लगाया।
शिविर में बुखार पीड़ितों की लक्षण के आधार पर डेंगू एवं मलेरिया की जांच कराई गई। शिविर में हुई जांच के दौरान किट से पॉजिटिव आने वाले मरीजों में पुष्टि के लिए ब्लड सैंपल लेकर जिला चिकित्सालय भेजे गए तो निजी अस्पताल में भर्ती मरीजों ने अपने स्तर से जांच करवाई।
दो दिन पूर्व आठ की और मंगलवार को एक मरीज में डेंगू की पुष्टि हुई है। इसमें शाहपुर कला निवासी 60 वर्षीय दो बुजुर्ग, 65 वर्षीय एक बुजुर्ग एवं एक वृद्धा एवं 70 वर्षीय एक बुजुर्ग एवं एक वृद्धा की रिपोर्ट जिला चिकित्सालय की पैथोलॉजी लैब में पॉजिटिव आई है।
इसके अलावा खुर्जा नई मंडी निवासी 22 वर्षीय युवती, मुनी क्षेत्र निवासी 30 वर्षीय युवती एवं धरपा के सारंगपुर निवासी 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला में डेंगू की पुष्टि हुई है। इसके बाद जिले में डेंगू के कुल केस 31 हो गए। जबकि, मलेरिया के कुल केस 41 चल रहे हैं।