बुलंदशहर। भाकियू टिकैत के गुट के कार्यकर्ताओं और किसानों ने मांगों को लेकर काला आम चौराहे और कलक्ट्रेट में शुक्रवार को प्रदर्शन किया। किसानों के प्रदर्शन के कारण काला आम चौराहे से कलक्ट्रेट की जाने वाली सड़क पर जाम लग गया। प्रदर्शन कर लोग कलक्ट्रेट के गेट पर काफी देर तक धरने भी दिया।
शुक्रवार दोपहर भाकियू टिकैत के कार्यकर्ता युवा प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार के नेतृत्व में एकत्रित होकर ट्रैक्टर लेकर काला आम चौराहे पहुंचे। इसके बाद किसानों ने राजे बाबू पार्क में बैठक की और किसानों के साथ धोखाधड़ी करने का आरोप सरकार पर लगाया। किसानों को संबोधित करते हुए युवा प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार ने कहा कि किसानों के साथ धोखाधड़ी की जा रही है। चुनाव के दौरान फ्री बिजली का वादा किया था, लेकिन ट्यूबवेलों पर मीटर लगाकर किसानों को परेशान किया जा रहा है। इससे किसान खफा हैं। 19 सूत्रीय मांगों को लेकर नारेबाजी करते हुए किसानों ने कहा कि दूध डेयरी संचालक किसानों से अलग-अलग दाम पर दूध की खरीद कर रहे हैं, इससे किसानों को परेशानी हो रही है। मांग की कि दूध की कीमत 80 रुपये प्रति लीटर तय की जाए। इसके अलावा गन्ना मूल्य 400 रुपये क्विंटल किया जाए। साथ ही मांग की कि जिन गांवों को यीडा में शामिल किया गया है, उन गांवों को वापस बुलंदशहर जिले में शामिल किया जाए और उन गांवों का सर्किल रेट भी बढ़ाया जाए। मलका पार्क में बैठक करने के बाद किसान काला आम चौराहे पर पहुंचे और दूध सड़क पर बिखेरकर विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद डीएम के नाम सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की। मौके पर ओमप्रकाश तेवतिया, इकबाल खान, योगेंद्र सिंह, धीरेंद्र सिंह, राशिद खान, दयानंद राजौरा मौजूद रहे।
किसानों की मुख्य मांगे
- किसी कंपनी के लिए जमीन अधिग्रहण करने पर 80 फीसदी नौकरी लोकल मजदूरों को दी जाएं
- जमीन अधिग्रहण की स्थिति में 10 फीसदी डेवलपमेंट चार्ज अलग से रखा जाए
- अधिग्रहण के 60 दिन के अंदर किसानों के खाते में धनराशि पहुंचाई जाए
- दवाइयों पर 150 फीसदी तक एमआरपी लगाकर बेचकर लोगों से की जा रही लूट को रोका जाए
- राशन वितरण में घोटाले की जांच कराकर कार्रवाई की जाए
- नकली खल का व्यापार करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए