शिकारपुर तहसील में प्रदर्शन करते किसान सभा के पदाधिकारी व अन्य ।
शिकारपुर। दिल्ली में धरना दे रहे पहलवानों के समर्थन में बृहस्पतिवार को किसान सभा ने रैली निकाल कर प्रदर्शन किया। सभा के पदाधिकारी तहसील परिसर पहुंचे और भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष ब्रजभूषण शरण की गिरफ्तारी की मांग के लिए राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन एसडीएम को सौंपा।
सीटू के जिलाध्यक्ष कामरेड सुरेश चंद ने कहा कि विदेशों में देश के लिए पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाने वाली महिला खिलाड़ियों के साथ की गई बदसलूकी निंदनीय है और जघन्य अपराध भी। वहीं, दूसरी ओर बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा देने वाली मोदी सरकार देश की बेटियों का यौन उत्पीड़न करने वाले कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण को बचा रही है। जबकि उसके खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज हो चुकी है। सरकार का यह रुख बेहद शर्मनाक है। किसान सभा के मंडल सचिव जयभगवान शर्मा ने कहा कि मोदी सरकार में समाज का कोई भी वर्ग सुरक्षित नहीं है। लखीमपुर में आंदोलनकारी किसानों को थार से कुचलने का षड्यंत्रकारी ग्रह राज्य मंत्री अजय टेनी आज भी मंत्री मंडल में बने हुए हैं। इसी प्रकार महिला खिलाड़ियों का उत्पीड़न करने वाले ब्रजभूषण शरण को नहीं हटाया गया है। उसके खिलाफ रिपोर्ट पास्को के तहत दर्ज की गई है। परंतु अभी तक गिरफ्तारी नहीं हुई है। उन्होंने पहलवानों के आंदोलन का पुरजोर समर्थन करते हुए ब्रजभूषण शरण की गिरफ्तारी की मांग की। बाद में किसानों ने राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन एसडीएम अभिनव द्विवेदी को सौंपा। सरदार अर्जुन सिंह, वीरेंद्र लोर, मूलचंद त्यागी, प्रेमवीर सिंह, हाजी नासिर, बच्चू सिंह, सुभाष त्यागी। मोहर सिंह, बुंदु खां, भूपेंद्र सिंह, करण सिंह, जाहिर, रमेशचंद शर्मा नरबीर सिंह, समरपाल सिंह आदि ने संबोधित किया।