नगर के जिला चिकित्सालय रोड स्थित एक दुकान पर लड्डू गोपाल के लिए गर्म पोशाक खरीदती महिलाएं। संव
बुलंदशहर। अपने आराध्य को सर्दी से बचाने के लिए भक्त गर्म पोशाक खरीदने के लिए बाजार पहुंच रहे हैं। बाजार में ऊनी कपड़े, रजाई, कंबल की एक से बढ़कर एक वैरायटी शामिल हैं। लोग अपनी पसंद अनुसार भगवान को पहनाने के लिए खरीदारी करने आ रहे हैं।
लोग भगवान को भी अपने परिवार का सदस्य मानते हैं। सर्दी बढ़ने पर भक्तों को लगता है कि जिस तरह मौसम का असर उन पर पड़ रहा है उसी तरह उनके आराध्य भी प्रभावित हो रहे हैं। इसी वजह से खुद ऊनी वस्त्र पहनने के साथ-साथ भगवान को भी ऊनी वस्त्र पहनाने लगे हैं। ऐसे में बाजारों में भी लड्डू गोपाल के लिए गर्म कपड़ों की मांग बढ़ गई है। भगवान के लिए कपड़े खरीदने पहुंचीं महिला खुशबू ने बताया कि घर में सभी सदस्य गर्म कपड़े पहनने लगे है तो लड्डू गोपाल के लिए भी गर्म कपड़े खरीदने आए। जिससे उन्हें सर्दी न लगे।
पोशाक एवं पूजन सामग्री विक्रेता अनुराग दत्त कौशिक ने बताया कि बाजार में भगवान को पहनाने के लिए ऊनी कपड़ों की मांग बढ़ने लगी है। बाजार में 20 रुपये से लेकर 500 रुपये तक के गर्म कपड़े मौजूद हैं। बंकुर कौशिक ने बताया कि कोई ऊनी कपड़े तो कोई वेलवेट से सिले गर्म कपड़े, रजाई, कंबल आदि की खरीदारी करने आ रहे हैं।